बॉलीवुड

कुश्ती करते-करते फिल्मों में पहुंच गए थे अभिनेता मोहनलाल, बुर्ज खलीफा में खरीद चुके हैं अपना घर

दक्षिण फिल्मों के सुपर स्टार्स की बात हो और एक्टर मोहनलाल का नाम न आए, ऐसा तो हो ही नहीं सकता है। जैसा स्टारडम और फैन फॉलोइंग अमिताभ बच्चन बॉलीवुड में रखते हैं, कुछ वैसा ही स्टारडम मोहनलाल का भी साउथ फिल्म इंडस्ट्री में है। उनके चाहने वाले करोड़ों की संख्या में हैं जो उनकी एक झलक के लिए बेताब रहते हैं।

आज यानि 21 मई को अभिनेता मोहनलाल का जन्मदिन है। इस अवसर पर उनसे जुड़ी कुछ बातें हम आपको बताते हैं। क्या आपको पता है कि एक्टर कुश्ती के अखाड़े से फिल्मों में आ गए थे। इनकी संपत्ति भी भारत ही नहीं दुबई तक फैली है। बुर्ज खलीफा में भी इनके पास खुद का फ्लैट है। चलिए मोहनलाल के बारे में और जानते हैं।

62 साल के हो गए सुपर स्टार मोहनलाल

दक्षिण भारत के सुपर स्टार मोहनलाल 21 मई 1960 को पैदा हुए थे। उनका जन्म केरल राज्य के एलनथूर में हुआ था। वो आज अपना 62वां जन्मदिन मना रहे हैं। मोहनलाल ने फिल्मों में आने की कभी नहीं सोची थी। वो तो पहलवानी किया करते थे। वो अपने जमाने के पेशेवर कुश्ती खिलाड़ी हुआ करते थे।

साल 1977-78 में उन्होंने केरल की कुश्ती चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था और प्रतियोगिता के विजेता भी बने थे। कुश्ती के अखाड़े से ही वो फिल्मों में पहुंच गए। अपने फैन्स के बीच ‘लालेट्टन’ नाम से मशहूर एक्टर ने करीब 41 साल फिल्म इंडस्ट्री में गुजार दिए। इसी वजह से ये भी अमिताभ बच्चन जैसा स्टारडम रखते हैं।

साल 1980 में रखा था फिल्मी दुनिया में कदम

एक्टर मोहनलाल ने फिल्मी दुनिया में कदम साल 1980 में रखा था। ‘मंजिल विरिंजा पूक्कल’ उनकी पहली फिल्म थी। वैसे उन्होंने साल 1978 में ही ‘थिरानोत्तम’ मूवी में एक्टिंग की थी लेकिन फिल्म रिलीज नहीं हो सकी। ऐसे में 1980 में ही उनकी ऑफिशियल शुरुआत हो सकी। उनकी पहली ही फिल्म ने मोहनलाल को स्टार बना दिया था।

मोहनलाल ने 300 से भी ज्यादा फिल्मों में अपने अभियन का हुनर दिखाया है। उन्होंने मलयालम के साथ ही तमिल, तेलगू, कन्नड़ और हिन्दी फिल्मों में भी काम किया है। वो सिर्फ एक्टिंग ही नहीं करते हैं, बल्कि प्रोड्यूसर, गायक और थिएटर आर्टिस्ट भी हैं। बॉलीवुड फिल्म ‘दृश्यम’ भी उनकी ही फिल्म का रीमेक है।

बुर्ज खलीफा में खरीद चुके हैं घर

इस सुपर स्टार ने ऐसा भी वक्त देखा है जब इनके पास सोने के लिए समय नहीं था। इन्होंने एक साथ 34 फिल्में साइन की थीं और साल 1986 में उनकी 34 फिल्में रिलीज हुई थीं। हैरानी की बात है कि इनमें 28 फिल्में हिट रही थीं। इनकी प्रसिद्ध फिल्मों में दृश्यम, जनता गैराज, ग्रैंडमास्टर, योद्धा, नरसिम्हा आदि हैं।

एक्टिंग की दुनिया से मोहनलाल ने खूब संपत्ति भी अर्जित की है। खबरों के मुताबिक इनके पास कुल 376 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इन्होंने दुबई की मशहूर बिल्डिंग बुर्ज खलीफा में भी 29वें फ्लोर पर फ्लैट खरीद रखा है।

इसके अलावा इनके पास ऊटी में भी अपना एक घर है। एक्टर महंगी कारों के शौकीन हैं। इनके पास बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज, रेंज रोवर से लेकर बड़े ब्रांड की गाड़ियां हैं। मोहनलाल आलिशान बंगले में रहते हैं और राजा की तरह जिन्दगी जीते हैं।

Back to top button