
21 किमी दौड़ लगाकर मीटिंग में पहुंचे DIG साहब, जानिए क्यों 2 घंटे 37 मिनट तक दौड़ते रहे
मध्य प्रदेश के एक सीनियर आईपीएस अफसर और डीआईजी विवेक सिंह 21 किमी दौड़कर मीटिंग में पहुंचने के लिए चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह भरी गर्मी में कई किलोमीटर तक दौड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
छतरपुर रेंज के डीआईजी विवेक राज सिंह ने मीटिंग में पहुंचने के लिए दौड़ लगाई। ऐसा नहीं था कि उनकी कार खराब हो गई थी या वे किसी कारण से लेट हो गए थे। दरअसल विवेक राज सिंह को दौड़ने का शौक है और अक्सर अपना ये शौक पूरा करने के लिए वह जहां मौका मिलता है दौड़ना शुरु कर देते हैं।
डीआईजी विवेक राज सिंह अपनी फिटनेस के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं। छतरपुर के आसपास उन्हें कई बार साइकिल चलाते, दौड़ते और जिम जाते हुए देखा जाता है। बुधवार (27 अप्रैल 2022) को जब वह पन्ना में डिपार्टमेंटल मीटिंग के लिए जा रहे थे, तब बीच रास्ते में ही गाड़ी से उतर गए और दौड़ लगाते हुए मीटिंग में पहुंचे।
इस दौड़ DIG साहब ने ये कहा
सुबह 6 बजे पन्ना बॉर्डर के पास केन नदी के पुल पर पहुंचते ही डीआईजी अपनी गाड़ी से उतर गए और दौड़ना शुरू कर दिया। 21 किलोमीटर का सफर उन्होंने 2 घंटे 37 मिनट में दौड़ते हुए पूरा किया। डीआईजी विवेक राज सिंह इस तरह गाड़ी छोड़कर दौड़ लगाते हुए मीटिंग में क्यों पहुंचे?
इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुझे सुबह विभाग की समीक्षा बैठक में पहुंचना था इस वजह से मेरा रूटीन डिस्टर्ब न हो और अपनी फिटनेस मेंटेन रखने के लिए मैंने दौड़ लगाई। इसके साथ ही डीआईजी ने सभी से खुद को फिजिकली फिट रखने की अपील की ताकि मेंटली भी एक्टिव रह सकें। उन्होंने सभी से रोज वर्कआउट करने की अपील की।
43 किलो वजन कम कर चर्चा में आए थे
डीआईजी विवेक राज सिंह 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। मध्य प्रदेश के अलावा उन्होंने बिहार और असम में सेवाएं दी हैं। एक समय उनका वजन 130 किलो था। नौ महीने की मेहनत के बाद उन्होंने अपना वजन 43 किलो घटाया था। सड़क पर दौड़ते हुए डीआईजी सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है। यूजर्स ना सिर्फ उनकी फिटनेस की तारीफ कर रहे हैं बल्कि उन्हें प्रेरणास्रोत बता रहे हैं।