
मुफ्त लाउडस्पीकर बांटने वाले BJP नेता पर हमला, कहा उद्धव महाराष्ट्र को बंगाल से बदतर बना रहे
मंदिरों में लगाने के लिए लाउडस्पीकर मुफ्त बांटने वाले बीजेपी नेता मोहित कंबोज पर मुंबई में हमला किया गया है। कंबोज किसी तरह अपनी जान बचा पाए। महाराष्ट्र भाजपा के नेता मोहित कंबोज पर कलानगर जंक्शन के पास हमला किया गया। हमला किसने कराया है, यह अभी साफ नहीं हुआ है। मोहित कंबोज ने कहा कि ‘कलानगर जंक्शन पर मेरी कार पर भीड़ ने हमला किया, हम बचकर निकलने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सरकार बंगाल से भी बदतर साबित हो रही है। नवाब मलिक जैसे भ्रष्ट मंत्रियों का पर्दाफाश करने वाले विपक्षी नेताओं पर राज्य सरकार द्वारा हमला किया जा रहा है। मैं इसकी निंदा करता हूं।’
कंबोज ने लिखित शिकायत दी
बीजेपी नेता मोहित कंबोज ने सांताक्रुज पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत की है। इसमें उन्होंने मॉब लिंचिंग का आरोप लगाया और कहा कि मातोश्री कला नगर के बाहर मौजूद शिवसैनिकों की भीड़ ने जबरन उन्हें कार से निकालकर जान से मारने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि कला नागर सिग्नल पर लगे सीसीटीवी टेम्पेरेड किए जा सकते हैं, जिसमें घटना कि पूरी तस्वीर है। मोहित ने मुम्बई पुलिस से मांग की है इस हमले का पॉलिटकल मास्टरमाइंड कौन है, उसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही आरोपियों पर 307 ,149 ,506 (2)IPC 34 के तहत FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
Mumbai | My car was attacked at Kalanagar Junction by a mob, we managed to flee. Governance in Maharashtra proving to be worse than Bengal. Opposition leaders who expose corrupt ministers like Nawab Malik are being attacked by state govt…I condemn it: Mohit Kamboj, BJP(22.04) pic.twitter.com/JHHHzXuRaY
— ANI (@ANI) April 22, 2022
कंबोज ने मुफ्त लाउडस्पीकर बांटे थे
बता दें कि मोहित कंबोज ने हाल ही में मंदिर और ट्रस्टों को मुफ्त में लाउडस्पीकर बांटे थे और उनसे हनुमान चालीसा बजाने का आग्रह किया था। 14 अप्रैल को मोहित कंबोज ने ऐलान किया था कि पूरे देश के मंदिरों में मुफ्त लाउडस्पीकर लगवाएंगे। उन्होंने कहा है कि ये मुफ्त लाउडस्पीकर मंदिरों में लगवाकर हर रोज देवी-देवताओं के भजन-कीर्तन बजाएं और हनुमान चालीसा का पाठ करवाएं।
मोहित कंबोज ने इसे लेकर पूरे देश के मंदिर ट्रस्टों को पत्र लिखा था। उनकी ओर से लिखे गए पत्र में अतीत, विदेशियों के आक्रमण की चर्चा करते हुए भविष्य को लेकर सचेत रहने का आह्वान किया गया था। मोहित कंबोज ने हिंदुओं से जातिगत भावनाओं से ऊपर उठ एकजुट होने का आह्वान किया था।
मोहित बीजेपी में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। कंबोज भाजपा की मुंबई इकाई के महासचिव हैं, जिनके खिलाफ सीबीआई की आर्थिक अपराध शाखा जांच कर रही है। कंबोज 2016 से 19 के बीच भारतीय जनता पार्टी की मुंबई युवा शाखा के अध्यक्ष भी थे। अगस्त 2019 में उन्हें मुंबई भाजपा का महासचिव नियुक्त किया गया था।