राजनीति

यूपी चुनाव मतगणना: रुझानों में भाजपा से पिछड़ने के बीच अखिलेश यादव ने तोड़ी चुप्पी, आया ये बयान

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजे आज आने वाले हैं। भारतीय जनता पार्टी हो या समाजवादी पार्टी, या फिर बसपा सभी दल अपनी सरकार बनाने का दावा लगातार कर रहे हैं। हालांकि सुबह 8 बजे से ही वोटों की गिनती भी शुरू हो गई है। शुरुआती रुझानों में तो भारतीय जनता पार्टी का दबदबा चल रहा है।

भाजपा शुरुआती मतगणना में आए रुझानों में सपा, बसपा से आगे चल रही है। साढ़े 10 बजे तक बीजेपी 403 सीटों वाली विधानसभा में 265 सीटों पर आगे चल रही थी। वहीं सपा 100 सीटों पर आगे चल रही थी। बसपा की बात करें तो वो भी 5 सीटों पर आगे दिख रही थी। कांग्रेस भी रुझानों में 6 सीटों पर आगे नजर आ रही थी।

जानें क्या बोले अखिलेश यादव

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा और सपा के बीच कड़ी टक्कर दिखाई दे रही है। हालांकि रुझानों में बीजेपी का दबदबा दिख रहा है। भाजपा से पिछड़ने के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने अपने उन सभी कार्यकर्ताओं को शुक्रिया कहा है कि सचेतक की तरह ईवीएम की निगरानी कर रहे थे।

अखिलेश यादव बोले कि लोकतंत्र के सिपाही जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही वापसी करें। सपा प्रमुख ने कहा है कि हौसलों का इम्तिहान बाकी है, अब फैसलों का वक्त आ गया है। आपको बता दें कि अखिलेश यादव यूपी की करहल सीट से चुनाव लड़ रहे हैं और रुझानों में इस सीट से आगे भी चल रहे हैं।

योगी भी गोरखपुर से आगे

विधानसभा चुनाव की मतगणना की बात करें तो योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर से चुनाव लड़ रहे हैं। फिलहाल काउंटिंग में वो इस सीट से आगे चल रहे हैं। योगी रुझानों में अपने सभी प्रतिद्दंद्दियों से आगे नजर आ रहे हैं। वहीं लखनऊ पूर्वी सीट से भी बीजेपी आगे चल रही है। यहां से सपा के अनुराग भदौरिया भाजपा से पिछड़ते हुए नजर आ रहे हैं।

अखिलेश यादव ने हाल ही में प्रेस वार्ता की थी। इस दौरान उन्होंने ईवीएम को लेकर भी निशाना साधा था। उन्होंने वाराणसी में ईवीएम को लेकर सवाल उठाए थे। आपको बता दें कि सपा प्रमुख ने अपने कार्यकर्ताओं को ईवीएम की निगरानी रखने की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने स्ट्रांग रूम के बाहर डटे रहने की अपील की थी।

गोवा में बीजेपी, पंजाब में आप आगे

यूपी के अलावा दूसरे राज्यों में जारी मतगणना का हाल भी जान लीजिए। यहां सुबह साढ़े 10 बजे तक गोवा में भारतीय जनता पार्टी आगे चल रही है। गोवा की 40 सीटों में से 18 पर बीजेपी आगे है। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी ने रुझानों में स्पष्ट बहुमत ले लिया है। रुझानों में पार्टी को 88 सीटें तो कांग्रेस को 13 सीटें मिली हैं।

पंजाब में आप को मिल रही सफलता ने दूसरे दलों में भी खलबली मचा दी है। कांग्रेस और भाजपा रुझानों में आप से बहुत पीछे चल रहे हैं। अगर रुझान फाइनल नतीजों में बदल गए तो आप वहां बहुमत से सरकार बनाने में कामयाब हो जाएगी। साथ ही भगवंत मान पंजाब के सीएम चेहरे हैं। हालांकि अभी सभी राज्यों में मतगणना जारी है और शाम के बाद ही जीत-हार की तस्वीर फाइनल हो सकेगी।

Back to top button