अध्यात्म

Motivational Story: पतली रस्सी से बंधे थे सर्कस के विशाल हाथी, फिर भी नहीं तोड़ पाए रस्सी

कहते हैं जीवन में हमेशा पॉजिटिव रहना चाहिए। नकारात्मक सोच इंसान को कभी आगे नहीं बढ़ने देती है। खासकर जब इंसान जीवन में कुछ असफलताओं को देख लेता है तो हार मान लेता है। ये असफलता उसके दिमाग पर इस कदर हावी हो जाती है कि वह दोबारा कोशिश भी नहीं करता है।

असफलता को दिमाग में बैठाना बहुत गलत होता है। इसे हम आज आपको एक कहानी के माध्यम से बताने जा रहे हैं। इस कहानी को पढ़ने के बाद अंत में जो सीख आपको मिलेगी, वह आपको जीवन में कभी असफल नहीं होने देगी।

पतली सी रस्सी भी नहीं तोड़ सका विशाल हाथी

एक समय की बात है। एक बार एक शख्स सर्कस देखने गया। इस सर्कस में कई विशाल हाथी थे जिन्होंने एक से बढ़कर एक करतब दिखाए। सर्कस समाप्त हुआ तो शख्स को इन हाथियों को और करीब से देखने की इच्छा हुई।

शख्स जब हाथियों के पास पहुंचा तो उसने देखा कि सभी हाथियों को एक पतली मामूली सी रस्सी से बांध रखा है। यह देख उसे आश्चर्य हुआ। उसने सोचा कि इतने विशाल हाथी को इतनी मामूली सी रस्सी कैसे रोकेगी? उसे और भी आश्चर्य की बात ये लगी कि हाथी उस रस्सी को तोड़ने का प्रयास भी नहीं कर रहे थे।

ये नजारा देख उसकी उत्सुकता और भी बढ़ गई। वह महावत के पास गया और पूछा कि “तुमने इतने विशाल हाथियों को मामूली सी रस्सी के भरोसे क्यों बांध रखा है?” इस पर महावत बोला “ये हाथी जब छोटे थे तब हम उन्हें इतनी ही मोटी रस्सी से बांधकर रखते थे। तब ये इसे तोड़ने में सक्षम नहीं थे। उन्होंने इसे तोड़ने की बहुत कोशिश की थी। लेकिन असफल रहे।”

महावत ने आगे कहा “अब ये हाथी बड़े हो गए हैं। इस रस्सी को तोड़ने में सक्षम भी हैं। लेकिन इन्होंने बचपन में मिली असफलता के बाद कोशिश करना ही छोड़ दिया है। ये आज भी यही मानते हैं कि इनमें इस रस्सी को तोड़ने की काबिलियत नहीं है।” महावत की ये बातें सुन शख्स हैरान रह गया।

कहानी की सीख

इस कहानी से हमे सीख मिलती है कि जीवन में आई असफलताओं से हार नहीं मानना चाहिए। हमेशा अपनी सोच को पॉजिटिव रखना चाहिए। जीवन में प्रयास करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए। हमेशा खुद को पहले से बेहतर बनाने पर फोकस करना चाहिए।

जिस दिन आप ने लाइफ का यह फंडा समझ लिया, उस दिन आप कभी भी फेल नहीं होंगे। सफलता एक न एक दिन आपके कदम जरूर चूमेगी।

Back to top button