दिलचस्प

पीएम मोदी ने हॉकी की पूरी टीम से फोन पर की बात, वीडियो में देखिए कैसे दी बधाई

टोक्यो ओलंपिक्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीत का आगाज कर इतिहास रच दिया है। पुरुष हॉकी टीम ने 41 सालों के बाद ओलंपिक में पदक जीतकर जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है। इस शानदार जीत के चलते पूरे देश में जश्न का माहौल है। इतना ही नहीं बल्कि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हॉकी टीम को बधाई दी, साथ ही उन्होंने फोन पर बातचीत भी की। हॉकी के कप्तान मनप्रीत सिंह और कोच ग्राहम रीड का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह पीएम मोदी से फोन पर बातचीत कर रहे हैं। 


पीएम मोदी फोन पर कप्तान मनप्रीत सिंह को कह रहे हैं कि, “मनप्रीत बहुत-बहुत बधाई… आपने और पूरी टीम ने जो किया है उसके बाद पूरा देश नाच रहा है। पूरी टीम ने बहुत मेहनत की है। मेरी तरफ से पूरी टीम को बधाई दीजिए। आज पूरा देश आप सभी पर गर्व कर रहा है।” इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम के कोच ग्राहम रीड से भी बातचीत की। बता दे, पीएम मोदी ने ट्वीट करके भी बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा कि, “ऐतिहासिक… ऐसा दिन जो हर भारतीय की याद में अंकित होगा। कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।”


बता दें, न सिर्फ पीएम मोदी ने बल्कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी ट्वीट कर पुरुष हॉकी टीम को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, “हमारी पुरुष हॉकी टीम को 41 साल बाद हॉकी में ओलंपिक पदक जीतने के लिए बधाई।। टीम ने जीतने के लिए असाधारण, कौशल, लचीलापन और दृढ़ संकल्प दिखाया है। यह ऐतिहासिक जीत हॉकी में एक नए युग की शुरुआत करेगी और युवाओं को खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।”


इसके अलावा खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी ट्वीट कर कहा कि, “भारत के लिए करोड़ों चीयर्स.. अखिल भारतीय हॉकी टीम ने कर दिखाया.. हमारी पुरुष हॉकी टीम ने ओलंपिक की इतिहास पुस्तिका में अपना नाम अंकित करा लिया है। एक बार फिर से हमें आप पर गर्व है।”


वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने भी पुरुष हॉकी टीम को जीत पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि, “बधाई टीम इंडिया.. यह पल हर भारतीय के लिए गर्व और हर्ष का है। हमारी पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

जानकारी के लिए बता दें कि, भारत ने साल 1980 में हुए मास्को ओलंपिक में आखिरी बार गोल्ड मेडल जीता था। अगर बात की जाए कांस्य पदक की तो साल 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में नीदरलैंड्स को हराकर भारत ने यह पदक अपने नाम किया था। टोक्यो में भारत का यह चौथा पदक है। भारत ने ओलंपिक में केवल 8 गोल्ड मेडल जीते हैं। बता दें, भारत न सिर्फ हॉकी बल्कि वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन और मुक्केबाजी में भी गोल्ड पदक अपने नाम कर चुका है।

Back to top button