दिलचस्प

ओडिशा : कुएं में गिर गया हाथी का बच्चा, लोगों ने ऐसे बचाई जान, देखें अद्भुत Video

इंसान और जानवर दोनों एक साथ मिलजुलकर रह सकते हैं या नहीं इस पर हमेशा बहस चलती रहती है। लेकिन एक बात तो तय है कि इंसानों की वजह से जानवरों को काफी तकलीफ होती है। वे जानवरों के इलाकों में कब्जा करते जाते हैं, अपनी सुविधा अनुसार नई नई चीजें बनाते हैं, और फिर उन चीजों की वजह से जानवर कई बार मुसीबत में फंस जाते हैं।

अब ओडिशा (Odisha) के मयूरभंज जिले की इस घटना को ही ले लीजिए। यहां इंसानों ने एक 15 फिट गहरा कुआं बनाया था। लेकिन उन्होंने इसे ढकना ठीक नहीं समझा। इसका नतीजा ये हुआ कि एक हाथी का बच्चा (elephant calf) इस कुएं में गिर गया। हालांकि बड़ी मसक्कत के बाद उसे रेस्क्यु ऑपरेशन (Rescue Operation) कर निकाला गया। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद जहां एक तरफ कुछ लोग रेस्क्यु टीम की तारीफ कर रहे हैं तो दूसरी ओर कई ये भी बोल रहे हैं कि आखिर इस कुएं को यूं खुला क्यों छोड़ दिया गया था। इस पूरे मामले की जानकारी न्यूज एजेंसी एएनआई ने अपने ट्विटर अकाउंट पर दी है। उन्होंने घटना का वीडियो शेयर कर कैप्शन में लिखा – ओडिशा के मयूरभंज जिले के एक गांव में शनिवार को 15 फीट गहरे कुएं से एक हाथी के बच्चे को निकाला गया। रेंज ऑफिसर रबी नारायण मोहंती के अनुसार ये बच्चा शुक्रवार रात कुएं में गिर गया था।

1 मिनट 54 सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे रेंज ऑफिसर्स जेसीबी मशीन की सहायता से कुंए में गिरे हाथी के बच्चे को बाहर निकालते हैं। वे कुएं के आसपास और भी ज्यादा खुदाई करते हैं ताकि बच्चे को आसानी से और बिना कोई चोट पहुंचाए बाहर निकाला जा सके।

वीडियो में डरे और घबराए हाथी के बच्चे की आवाज भी सुनाई देती है। उसे देख अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह कितनी तकलीफ में होगा। उम्मीद की जा रही है कि कुएं से बाहर आने के बाद वह जल्द ही इस सदमे से उबर जाएगा और एक सामान्य जिंदगी बसर करने लगेगा।

Back to top button