समाचार

छत्तीसगढ़ में सर्च ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए 22 जवान, नक्सलियों ने घेर कर किया था हमला

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने 700 से अधिक जवानों पर हमला किया है, जिसमें 22 जवान शहीद हो गए हैं। जबकि कई सारे जवान घायल हुए हैं। ये हमला छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर में हुआ है। बीजापुर एसपी ने रविवार को इस हमले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 22 जवान शहीद हो गए हैं और कई जवान अब भी लापता हैं। लापता जवानों की तलाश की जा रही है।

एसपी के अनुसार आज सुबह से ही सुरक्षाबल द्वारा सर्च अभियान किया जा रहा है। सुरक्षा बलों ने लापता 17 जवानों के शव घटनास्थल से बरामद कर लिए हैं। नक्सलियों ने दो दर्जन से अधिक सुरक्षाकर्मियों के हथियार भी लूट लिए हैं। 31 से अधिक घायल जवानों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

खबर के अनुसार रक्षाबलों को जोनागुड़ा की पहाड़ियों पर नक्सलियों के होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद ये अभियन शुरू किया गया है। छत्तीसगढ़ के नक्सल विरोधी अभियान के पुलिस उप महानिरीक्षक ओपी पाल ने बताया कि शुक्रवार की रात बीजापुर और सुकमा जिले से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा बटालियन, डीआरजी और एसटीएफ के संयुक्त दल ने नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया। इसके तहत दो हजार जवानों को रवाना किया गया था। लेकिन शनिवार को नक्सलियों ने 700 जवानों को तर्रेम इलाके में जोनागुड़ा पहाड़ियों के पास घेर लिया। इस दौरान तीनों ओर से जवानों पर फायरिंग की गई।


तीन घंटे चली मुठभेड़ में 15 नक्सली ढेर हो गए। इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भी काफी नुकसान होने की खबर है। जबकि हमले में 22 जवान शहीद हो गए। इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल घटना ने अपना शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नक्सली हमले पर कहा कि जवानों के बलिदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा। ट्वीट कर पीएम मोदी ने लिखा, ”मेरी संवेदनाएं छत्तीसगढ़ में शहीद हुए जवानों के परिजनों के साथ है। वीर शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।”


गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि ‘‘मैं छत्तीसगढ़ में माओवादियों से लड़ते हुए शहीद हुए हमारे वीर सुरक्षाकर्मियों के बलिदान को नमन करता हूं। राष्ट्र उनके शौर्य को कभी नहीं भूलेगा। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। हम शांति और प्रगति के इन दुश्मनों (नक्सलियों) के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

इसके अलावा गृह मंत्री शाह ने बघेल से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में 10 दिन के अंदर ये दूसरा नक्सली हमला है। इससे पहले 23 मार्च को हुए हमले में भी पांच जवान शहीद हुए थे। ये हमला नक्सलियों ने नारायणपुर में किया था।

Back to top button