समाचार

लव मैरिज करने पर जालिम पिता ने दामाद को मार दी गोली, अब विधवा बेटी मांग रही है अपने लिए इंसाफ..

बिहार के बेगूसराय जिले में एक महिला ने अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है और अपने लिए सुरक्षा की मांग की है। महिला का कहना है कि उसके पिता ने पहले उसके पति को मारा और अब उसे मारने की साजिश रच रहा है। इस विधवा ने एसपी से मिलकर उन्हें अपनी आपबीती सुनवाई और मदद की गुहार लगाई। महिला सादिया परवीन ने एसपी को बताया कि उसके पिता का नाम मो. औरंगजेब है। जो कि बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी हैं। सादिया परवीन ने मो. इम्तियाज से निकाह किया था। लेकिन निकाह के बाद पिता मो. औरंगजेब ने उसके पति को गोली मार दी।

सादिया परवीन ने शनिवार को एसपी को आवेदन देकर कहा कि मेरे पति का हत्यारा मेरा बाप मो. औरंगजेब है और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ये हत्या की है। उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई तो मेरी व मेरे परिवार के अन्य सदस्यों की कभी भी हत्या हो सकती है। सादिया ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने अन्यों के साथ मिलकर 4 मार्च को उसके पति मो. इम्तियाज को गोली मार दी थी।

इस वजह से की हत्या

सादिया ने प्रेम विवाह किया था। पिता मो. औरंगजेब इस विवाह से खुश नहीं थे। इसलिए पिता ने पति की हत्या कर दी। सादिया के अनुसार उसने अपने पिता के खिलाफ मुफस्सिल थाने में हत्याकांड का केस दर्ज कराया है। लेकिन थानेदार पिता के साथ मिला हुआ है। सादिया ने कहा कि मेरे पिता मो. औरंगजेब मुफस्सिल थाने का दलाल है। उनका मुफस्सिल थाना के पुलिस अधिकारी से काफी अच्छे संबंध रहे हैं। पुलिस अधिकारी से निकटता के कारण हमेशा अपराध करके भी बचते रहे हैं।

सादिया के साथ एसपी कार्यालय आए सीपीआई सचिव मंडल के सदस्य अनिल अंजान ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि औरंगजेब व थानाध्यक्ष की सांठगांठ से ही मो. इम्तियाज की हत्या कराई गई है। सादिया परवीन को न्याय नहीं मिला तो भाकपा आंदोलन के लिए तैयार है।

सादिया ने मो. इम्तियाज से करीब 3 साल पहले शादी की थी। इस समय सादिया मो. इम्तियाज के परिवार के साथ रह रही है और उसने अपने साथ-साथ मो. इम्तियाज के परिवार के लोगों के लिए भी सुरक्षा मांगी है।

Back to top button