समाचार

उपराज्यपाल पद से हटाए जाने पर आई किरण बेदी की प्रतिक्रिया, ट्वीट कर कही ये बड़ी बात

पुदुच्चेरी में इन दिनों राजनीतिक संकट बना हुआ है और कांग्रेस सरकार के विधायक पार्टी को छोड़ने में लगे हुए हैं। इसी बीच उपराज्यपाल किरण बेदी को अचानक से उनके पद से हटा दिया गया है। मंगलवार को किरण बेदी को उपराज्यपाल पद छोड़ने को कहा गया था। जिसके बाद इन्होंने इस्तीफा दे दिया। वहीं अपना पद छोड़ने के बाद बुधवार सुबह किरण बेदी ने एक ट्वीट किया और पुदुच्चेरी के लोगों का आभार प्रकट किया। ट्वीट करते हुए किरण बेदी ने लिखा कि ‘उन सभी का शुक्रिया, जो पुदुच्चेरी के उप राज्यपाल के तौर पर मेरी यात्रा के हिस्सा थे। पुदुच्चेरी के लोगों और सरकारी अधिकारियों का शुक्रिया।

ट्वीट करने के साथ ही किरण बेदी ने एक पत्र भी साझा किया। इन्होंने लिखा कि कि पुदुच्चेरी के उप राज्यपाल के तौर पर मेरे अनुभव के लिए मैं भारत सरकार की आभारी रहूंगी। मैं उन सब का भी आभार जताती हूं, जिन्होंने मेरे साथ काम किया। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकती हूं कि मेरे इस कार्यकाल के दौरान राजनिवास टीम ने पूरी लगन से जनहित के लिए काम किया है। पुदुच्चेरी का बहुत उज्ज्वल भविष्य है। यह अब लोगों के हाथ में है।


किरण बेदी ने एक और ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने एक डायरी का कवर शेयर किया है। उसमें लिखा कि, ‘उदार हृदय, तीव्र दिमाग, साहसी जज़्बा’. उन्होंने लिखा है कि यह उनकी टेबल पर रखी एक डायरी का कवर है।


इसके अलावा राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता अजय कुमार सिंह द्वारा जारी किए गए संक्षिप्त विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रपति ने निर्देश दिया है कि किरण बेदी ‘अब पुडुचेरी की उपराज्यपाल नहीं रहेंगी।’ उनकी जगह अब तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन को पुडुचेरी के उपराज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।

गौरतलब है कि सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार के एक ओर विधायक ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पुदुच्चेरी में वी नारायणसामी सरकार से कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे से उथल-पुथल मची हुई है और इस राजनीतिक सकंट का फायदा विपक्ष उठा रहा है। बेदी और नारायणसामी के बीच कई मुद्दों पर टकराव रहा है। नारायणसामी से इस्तीफे की मांग भी की गई थी। लेकिन नारायणसामी ने ये कहते हुए इस्तीफा देने से इनकार कर दिया कि उनकी सरकार को विधानसभा में बहुमत प्राप्त है और अगले कुछ ही महीने में विधानसभा का चुनाव है। इसी उथल पुथल के बीच किरण बेदी को उपराज्यपाल के पद से हटाया गया है।

Back to top button