समाचार

कोरोना के एक्टिव केस में आई गिरावट, अब केवल 2 राज्यों में ही हैं 50 हजार से ज्यादा कोरोना मरीज

भारत सरकार ने कोरोना वायरस की स्थिति पर काबू पा लिया है और अब देश में केवल दो ही ऐसे राज्य बचें हैं, जहां पर कोरोना वायरस से ग्रस्त 50 हजार से ज्यादा मरीजों का इलाज चल रहा है। ये दो राज्य केरल और महाराष्ट्र हैं। बाकी सभी राज्य और केंद्र शासित राज्यों में कोरोना मरीजों की संख्या 50 हजार से कम हो गई है। केरल में इस समय 64 हजार 554 और महाराष्ट्र में 51 हजार 892 एक्टिव केस हैं। जबकि पूरे देश में ये संख्या 2 लाख 12 हजार 486 है।

दुनिया के कई देशों में कोरोना बुरी तरह से फैल गया है और वायरस पर काबू पाने के लिए इन देशों में दोबारा से लॉकडाउन भी लगाया गया है। वहीं बात की जाए भारत की तो, एक्टिव केसों के मामले में हमारा देश 14वां स्थान पर है। इससे पहले भारत 12वें पायदान पर था। अगर मरीजों की संख्या ऐसे ही घटती रही तो जल्द ही भारत टॉप-15 संक्रमित देशों की सूची से बाहर हो जाएगा।

अच्छी बात ये हैं कि भारत में 16 जनवरी से कोरोना वैक्सीन देने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। कोरोना वैक्सीन देने की प्रक्रिया शुरू होने से कोरोना के केसों में ओर गिरावट आ जाएगी।  भारत सरकार की ओर से कोरोना की दो वैक्सीन को मंजूरी दे दी गई है। वहीं अब कहा जा रहा है कि जल्द ही सरकार 4 और वैक्सीन को मंजूरी दे सकती है।

केंद्र सरकार ने वीकली रिपोर्ट में कहा है कि कोवीशील्ड और कोवैक्सिन के अलावा 4 और वैक्सीन पर तेजी से काम हो रहा है। सभी अलग-अलग ट्रायल स्टेज में हैं। इसमें जायडस कैडिला की वैक्सीन और रूस की वैक्सीन स्पूतनिक- V तीसरे फेज की ट्रायल में है। इसके अलावा बायोलॉजिकल-E और पुणे की जेनोवा कंपनी ने पहले फेज की ट्रायल शुरू की है। ये वैक्सीन भारत में ही तैयार हो रहीं हैं और भारत में ही इसका मैन्युफैक्चरिंग होगा। कुछ महीनों के अंदर इनमें से सभी या फिर कुछ वैक्सीन को इमरजेंसी यूज के लिए मंजूरी मिल जाएगी।

24 घंटे में आए कितने केस

देश में मंगलवार को कोरोना के नए केसों की संख्या 13 हजार 845 रही है और 14 हजार 715 लोग इससे रिकवर हुए हैं। जबकि इस दौरान 160 की मौत हुई है। भारत में अब तक 1 करोड़ 4 लाख 93 हजार 758 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें 1 करोड़ 1 लाख 25 हजार 425 लोग ठीक भी हो चुके हैं। भारत में अब 1 लाख 51 हजार 525 लोगों की मौत इस बीमारी से हुई है।

Back to top button