बॉलीवुड

स्वरा भास्कर पर जल्द शुरू होगी अवमानना की कार्यवाही, अयोध्या के फैसले पर उठाए थे सवाल

राम जन्मभूमि विवाद को लेकर अभिनेत्री स्वरा भास्कर की और से एक बयान दिया गया था। जिसके बाद स्वरा भास्कर के खिलाफ एक याचिका कोर्ट में दायर की गई थी। सुप्रीम में दी गई याचिका में स्वरा भास्कर पर आरोप लगाया गया है कि उनकी और से राम जन्मभूमि और बाबरी मस्जिद विवाद मामले में कोर्ट की और से सुनाए गए फैसले का सम्मान नहीं किया गया है। वहीं अब स्वरा के खिलाफ अवमानना कार्यवाही करने के लिए अटॉर्नी जनरल के. के. वेणुगोपाल की सहमति मांगी गई है। दरअसल अदालत की अवमानना कानून, 1971 की धारा 15 के तहत जब भी किसी व्यक्ति पर अवमानना कार्यवाही शुरू की जाती है तो सबसे पहले या तो अटॉर्नी जनरल या सॉलिसीटर जनरल की सहमति लेनी होती है। इसलिए स्वरा के खिलाफ अवमानना कार्यवाही शुरू करने से पहले अटॉर्नी जनरल के. के. वेणुगोपाल की सहमति मांगी गई है। सहमति मिलते ही स्वरा के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी।

उच्चतम न्यायालय में स्वरा के खिलाफ दायर की गई याचिका में कहा गया है कि स्वरा भास्कर ने 1 फरवरी 2020 को पैनल में चर्चा के दौरान जो बयान दिया था वो अपमानजनक और निंदनीय है। ये चर्चा ‘मुंबई कलेक्टिव’ की तरफ से आयोजित की गई थी। याचिका में कहा गया है कि स्वरा प्रशंसा पाने के लिए ये सब करती है।

क्या कहा था बयान

याचिका के अनुसार स्वरा भास्कर ने चर्चा के दौरान कहा था कि ‘अब हम ऐसी स्थिति में हैं, जहां हमारी अदालतें सुनिश्चित नहीं हैं कि वे संविधान में विश्वास करती हैं या नहीं। हम एक देश में रह रहे हैं, जहां हमारे देश के सर्वोच्च न्यायालय ने एक फैसले में कहा कि बाबरी मस्जिद का विध्वंस गैरकानूनी था। दूसरी तरफ उसी फैसले ने उन्हीं लोगों को पुरस्कृत किया जिन्होंने मस्जिद को गिराया था।’

बयानों की वजह से अक्सर रहती हैं सुर्खियों में

स्वरा भास्कर अक्सर अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में बनी रहती हैं। हाल ही में इन्होंने सुशांत सिंह राजपूत केस में रिया चक्रवर्ती का समर्थन किया था। जिसके बाद स्वरा की काफी आलोचना की गई थी। रिया चक्रवर्ती का समर्थन करते हुे स्वरा ने कहा था कि रिया एक अजीबो-गरीब और खतरनाक मीडिया ट्रायल का शिकार हो रही हैं। जिसकी अगुवाई एक भीड़तंत्र से हो रही है। उम्मीद करती हूं कि सुप्रीम कोर्ट इस पर ध्यान देगा और फर्जी न्यूज फैलाने वालों और साजिशों की कहानियां बनाने वालों पर रोक लगेगी। कानून को तय करने दीजिए।

आपको बता दें कि रिया ने खुद पर चल रहे मीडिया ट्रायल को लेकर कोर्ट में याचिका भी दायर कर रखी है। जिसपर फैसला आना बाकी है। गौरतलब है कि रिया चक्रवर्ती को सुशांत सिंह राजपूत केस में मुख्य आरोपी बनाया गया है। सुशांत के परिवार वालों की और से रिया और उसके परिवार वालों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जिसके बाद से रिया के खिलाफ मीडिया में कई सारी खबरें चलाई जा रही हैं और इन्हीं खबरों से दुखी होकर रिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। रिया पर चल रहे मीडिया ट्रायल पर स्वरा भास्कर ने आपत्ति जताई है और इस मामले में रिया का साथ दिया है। जिसके कारण स्वरा को खूब ट्रोल भी किया गया है।

Back to top button