समाचार

10 हजार बाइक खंगालने पर पुलिस को मिली कामयाबी, पकड़े गए सुदीक्षा से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी

सुदीक्षा भाटी मामले में बुलदंशहर पुलिस को आखिरकार सफलता मिल गई है और बुलदंशहर पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों युवकों पर सुदीक्षा भाटी के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है और इनसे अभी पूछताछ की जा रही है। दरअसल सुदीक्षा भाटी के परिवार वालों का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ बुलेट बाइक पर सवार दो युवकों ने छेड़छाड़ की थी। जिसके कारण सुदीक्षा भाटी जिस बाइक पर थी वो दुर्घटना का शिकार हो गई।

10 हजार मोटर साइकिल की कि पड़ताल

एसआईटी प्रभारी सीओ सिटी दीक्षा सिंह ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हमने एआरटीओ ऑफिस से बुलंदशहर जिले में रजिस्टर्ड बुलेट मोटरसाइकिलों का डेटा मांगा था। एआरटीओ ऑफिस की और से 10 हजार मोटर साइकिलों की सूची पुलिस को सौंपी गई थी। जिसके बाद पुलिस ने छानबीन कर उस बाइक का पता लगा लिया। जिसपर सुदीक्षा भाटी से छेड़छाड करने वाले युवक सवार थे। ये काम मुश्किल था। लेकिन आरोपियों तक पहुंचने के लिए हमने मेहनत की। इसलिए हमें इसमें सफलता मिली।

क्या है पूरा मामला

अमेरिका में पढ़ने वाली ग्रेटर नोएडा की छात्रा सुदीक्षा भाटी की मौत एक सड़क हादसे में हो गई थी। सुदीक्षा भाटी के परिवार वालों का आरोप है कि जिस वक्त सुदीक्षा भाटी अपने चाचा के साथ बाइक पर जा रही थी। उस समय बुलेट बाइक पर सवार दो युवकों ने सुदीक्षा भाटी को तंग करना शुरू कर दिया। जिसके कारण बाइक चला रहे चाचा ने बाइक पर ब्रेक लगाया। तेजी से ब्रेक लगने से सुदीक्षा भाटी बाइक से गिर गई और सिर पर चोट लग गई। जिससे सुदीक्षा भाटी की मौके पर ही मौत हो गई।

हालांकि पुलिस ने जब इस मामले की जांच शुरू कि, तो पुलिस ने सुदीक्षा भाटी के साथ हुई छेड़छाड़ के दावे को गलत बताया था। पुलिस का कहना था कि सुदीक्षा भाटी के साथ कोई भी छेड़छाड़ नहीं हुई थी। सुदीक्षा भाटी जिस बाइक पर थी वो उसका भाई चला रहा था जो कि नाबालिग था और सुदीक्षा भाटी की मौत सड़क हादसे में हुई है। लेकिन सुदीक्षा भाटी के परिवार वाले अपने बयान पर अड़े रहे और आरोपियों को पकड़ने की मांग करने लगे। जिसके बाद पुलिस ने छेड़छाड़ वाले एंगल से भी जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद और एआरटीओ ऑफिस की और से मिली सूची के आधार पर शुक्रवार को दो आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस को ये कामयाबी इस घटना के पांच दिनों बाद मिली है।

अमेरिका के कॉलेज से कर रही थी पढ़ाई

सुदीक्षा भाटी अमेरिका के एक कॉलेज से पढ़ाई कर रही थी और ये 20 अगस्त को वापस अमेरिका जाने वाली थी। सुदीक्षा भाटी को अमेरिका से पढ़ाई करने के लिए 3.80 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप दी गई थी। ये स्कॉलरशिप एचसीएल से मिली थी। सुदीक्षा भाटी पढ़ाई में काफी तेज थी और 12 वीं कक्षा में टॉप किया था। टॉप करने के चलते सुदीक्षा भाटी को ये स्कॉलरशिप दी गई थी। सुदीक्षा भाटी के पिता ढाबा चलाते हैं और ये बेहद ही गरीब घर से थी।

Back to top button