समाचार

राजस्थान : खेत में मिले पाकिस्तान से आये 11 हिन्दू शरणार्थियों के शव, एक ही परिवार के थे सारे

राजस्थान के जोधपुर में 11 लोगों की हत्या कर दी गई है और इन सभी लोगों के शव खेत से मिले हैं। जिन 11 लोगों की हत्या की गई है वो पाकिस्तान के विस्थापित भील समाज के हैं और कुछ समय पहले ही ये लोग पाकिस्तान से जोधपुर आए थे। येे 11 लोग एक ही परिवार के हैं और इन मृतकों में 5 बच्चे भी शामिल है। पुलिस के अनुसार उन्हें गांव के लोगों की और से इस हत्या की सूचना दी गई थी। गांव के लोगों ने पुलिस को फोन करके बताया कि उन्हें खेत से 11 शव मिले हैं। जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची थी। ये घटना जोधपुर के देचू थाना क्षेत्र के लोड़ता गांव की है।

पुलिस के अनुसार उन्हें खेते से 11 लोगों के शव मिले हैं। साथ ही एक युवक घायल अवस्था में था। जिसको पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों में 2 पुरुष, 4 महिला, 5 बच्चे बताए जा रहे हैं। मृतक पाक विस्थापित हैं और ये सभी लोग एक ही परिवार के है। ये लोग अचलावता गांव में खेती का काम करते थे। पुलिस इस मामले में हत्या की आशंका जता रही है। शुरुआती जांच के आधार पर ये पता चला है कि ये लोग कुछ समय पहले ही पाकिस्तान से जोधपुर आए थे। ये गांव के खेत में ट्यूबवेल पर काम करते थे और पास ही में बनी झोपड़ी में रहते थे। पुलिस के अनुसार इनकी मौत जहर खाने या कीटनाशक खाने से हुई है।

बहन पर जताया जा रहा है शक

कहा जा रहा है कि राखी बांधने के लिए इनकी बहन यहां आई थी और इनके साथ ही रहने लग गई। इनकी बहन नर्स थी और हो सकता है कि उसने ही इन लोगों को जहरीला इंजेक्शन लगाया हो। उसके बाद स्वयं को इंजेक्शन लगा दिया। दरअसल 12 लोग घटना के समय खेत में थे। पुलिस की जांच के अनुसार इस परिवार में कुल 11 लोग थे और एक बहन यहां आई हुई थी। जिनमें से 11 लोगों की मौत हो गई। परिवार का एक सदस्य खेत के नलकूप की तरफ चला गया था और उसके अनुसार रात को उसे वहीं पर नींद आ गई। जब वो सुबह आया तो उसने देखा कि पूरा परिवार मर चुका है।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया ट्वीट

इस मामले की जानकारी केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ट्वीट कर दी और लिखा कि जोधपुर देचू में एक दर्जन पाक विस्थापित नागरिकों की मृत्यु @ashokgehlot51 की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान है! मृतकों में 2 पुरुष, 4 महिलाएं और 5 बच्चे हैं। एक के बाद एक, प्रदेश की बिगड़ी व्यवस्था की भयावह तस्वीरें सामने आ रही हैं! सरकार त्वरित कार्यवाही कर तथ्यों को सामने लाए!


पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और जोधपुर ग्रामीण एसपी सहित पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर सबूत जमा करने में लगे हुए हैं। इनके अलावा एफएसएल टीम भी मौके पर जांच कर रही है। पुलिस लोगों से भी पूछताछ कर रही है। आपको बता दें कि राजस्थान के सीमावर्ती गांवों में पाकिस्तान से आए शरणार्थी रहते हैं। कई सारे गांव की लगभग पूरी आबादी ही पाकिस्तानी शरणार्थियों की है।

Back to top button