समाचार

नीतीश कुमार के सुशांत केस की CBI जांच के फैसले से बौखलाई शिवसेना, कहा- सीबीआई जांच का निर्णय..

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में शिवसेना की नेता और राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। प्रियंका चतुर्वेदी ने आज ट्वीट कर नीतिश कुमार पर ये आरोप लगाते हुए कहा कि ये केस मुंबई पुलिस के दायरे में आता है। दरअसल बिहार में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं और सुशांत बिहार राज्य से ही नाता रखते हैं। ऐसे में प्रियंका चतुर्वेदी का कहना है कि नीतीश कुमार ये सब राजनीति के मकसद से कर रहे हैं।

दरअसल ऐसी खबरें आ रही हैं कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुशांत सिंह केस को जल्द ही सीबीआई को सौैंपने की सिफारिश करने वाले हैं। इन्हीं खबरों के बीच आज प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट किया है। ट्वीट करते हुए इन्होंने कहा है कि सीबीआई जांच का निर्णय लेने का अधिकार केवल महाराष्ट्र सरकार के पास है। प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट कर कहा कि बिहार के सीएम का बयान को मीडिया द्वारा रिपोर्ट किया जा रहा है, अगर सच है, तो ये दिखाता है कि वो केवल राजनीति कर रहे हैं। इनकी सिफारिश संवैधानिक वैधताओं या सुशांत को न्याय दिलाने के लिए नहीं है। लॉ एंड ऑर्डर राज्य का विषय है, सीबीआई जांच का निर्णय केवल महाराष्ट्र सरकार ले सकती है। प्रियंका चतुर्वेदी के अलावा शिवसेना नेता संजय राउत ने भी इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा कि हम चाहते हैं कि सच्चाई सामने आए, राजनीति नहीं होनी चाहिए।


सुशांत के पिता ने की है CBI जांच की मांग

आज सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने बिहार के सीएम और डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय से बात की है और इनसे सीबीआई जांच कराने की मांग की है। जिसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस केस को सीबीआई को सौंपने की सिफारिश करने का आदेश जारी किया है। सीएम नीतीश कुमार के अनुसार सुशांत के पिता के कहने पर ही सीबीआई जांच की सिफारिश की गई है। नीतीश ने बताया कि मेरी बात सुशांत के पिता से हुई। उन्होंने सीबीआई जांच की मांग की और इनकी मांग के आधार पर बिहार सरकार सीबीआई जांच की सिफारिश करेगी। आज शाम तक सभी कागजी कार्यवाही हो जाएंगे और सीबीआई जांच की सिफारिश केंद्र को भेज दी जाएगी।

मुंबई और बिहार पुलिस कर रही हैं केस की जांच

सुशांत सिंह केस की जांच इस समय मुंबई और बिहार पुलिस दोनों ही कर रही हैं। इस मामले में जिस गति से मुंबई पुलिस की और से जांच की जा रही है। उससे सुशांत सिंह के परिवार वाले खुश नहीं हैं। जिसके चलते उन्होंने बिहार में सुशांत आत्महत्या मामले की FIR दर्ज करवाई थी। जिसके बाद बिहार पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी थी। लेकिन मुंबई पुलिस इस मामले को अपने अधिकार क्षेत्र का मामला बता रही है और बिहार पुलिस की और से की जा रही जांच को गलत बोल रही है। इतना ही नहीं मुंबई पुलिस ने बिहार पुलिस को सुशांत की आत्महत्या से जुड़े किसी भी प्रकार के दस्तावेजों को देने से भी मना कर दिया है। ऐसे में सुशांत के पिता अब नीतीश कुमार से मिलें हैं और इन्होंने सीबीआई जांच की मांग की है। ताकि सुशांत के दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाया। वहीं जिस तरह से बिहार पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। उसकी तारीफ हर कोई कर रहा है। जो कि मुंबई पुलिस और शिवसेना को पसंद नहीं आ रही है।

Back to top button