समाचार

भुवनेश्वर में लुटेरे गैंग का छाया आतंक, अब महिला DSP से की लूटपाट

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में इन दिनों एक लुटेरे गैंग ने आतंक मचा रखा है और इस गैंग ने कई सारे लोगों को अपना निशाना बनाया है। हाल ही में इस गैंग ने एक पुलिस अफसर को भी अपना शिकार बनाया और उससे लूटपाट की। बताया जा रहा है कि खारवेल नगर थाना क्षेत्र के यूनिट-3 इलाके में इन बदमाशों ने इस लूटपाट को अंजाम दिया है। रविवार की सुबह विजिलेंस विभाग की एक महिला डीएसपी को बंदूक की नोक पर डराकर उससे लूटपाट की।

लूटी सोने की चेन

जानकारी के मुताबिक सुबह के समय विजिलेंस विभाग की महिला डीएसपी के साथ लूटपाट की गई। महिला डीएसपी को बदमाशों ने पहले बंदूक से डराया और उसके बाद उसे सोने की चेन और कान के टॉप्‍स खोलने को कहा। बंदूक के डर से महिला डीएसपी ने बिना कुछ कहे बदमाशों को सोने की चेन और कान के टॉप्‍स खोलकर दे दिए। हालांकि इस घटना के बाद महिला डीएसपी ने खारवेल नगर थाना में शिकायत दर्ज करवा दी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस इन लूटेरे की तलाश करने में लगी हुआ है। महिला का नाम तनुजा बताया जा रहा है।

घर के बाहर से ही की लूटपाट

डीएसपी तनुजा के अनुसार उनके साथ सुबह के समय ये वारदात हुई है। सुबह के समय ये अपने घर के सामने झाडू लगा रही थी। उसी दौरान इन बदमाशों ने उनके साथ लूटपाट की। बदमाशों ने पहले बंदूक दिखाई और उसके बाद पहने हुए गहनों को उतारने को कहा। डीएसपी तनुजा के मुताबिक दो लुटेरे मुंह पर मास्क लगाए आए थे और बाइक से उतरकर फोन पर बात करते हुए उनके पास पहुंचे।

फिर अचानक से एक ने उनकी कनपटी पर बंदूक लगा दी और इसके बाद उनके गले से सोने की चेन एवं कान के टॉप्‍स छीनकर वहां से फरार हो गए। तनुजा ने तुरंत शोर भी मचाया लेकिन जब तक उनके पति बाहर आए, ये बदमाश गायब हो गए थे। तनुजा ने अपने पति के साथ जाकर थाने में इस वारदात की शिकायत दर्ज करवाई।

गौरतलब है कि इससे पहले भी खारवेल नगर थाना क्षेत्र से लूटपाट का मामला सामने आया है। चार दिन पहले ही उक्त खारवेल नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को इसी तरह से लूटा गया था। इस व्यक्ति को बंदूक दिखाकर उससे सोने की चेन लूटी गई थी। वहीं अब इन बदमाशों ने डीएसपी के साथ भी लूटपाट की है।

वहीं इस मामले को नए डीसीपी उमाशंकर दास ने गंभीरता से लिया है। इन्होंने हाल ही में भुवनेश्वर का कार्यभार सम्भाला है और इस केस की जांच में लग गए हैं। पुलिस बदमाशों को पकड़ने की कोशिशों में लगी हुई है।

Back to top button