समाचार

सरकार ने लिया यूटर्न, अब अनलॉक 3 में यह चीजें खुलेंगी और यह रहेंगी पूरी तरह बंद

एक अगस्त से देश अनलॉक- 3 में प्रवेश कर सकता है और इस दौरान कई तरह की सेवाओं को शुरू किया जा सकता है। अनलॉक- 3 के तहत कई सारी जगहों को खोलने पर सरकार विचार कर रही है। ऐसी खबरें आ रही थी कि सरकार एक अगस्त से स्कूलों को भी खोल सकती है। लेकिन अब केंद्र सरकार ने अंतिम क्षण में अपना ये इरादा बदल लिया है। एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अनलॉक-3 में स्कूलों को खोलने की इजाजत मिल सकती थी। लेकिन केंद्र सरकार ने अंतिम क्षण में अपना फैसला बदल लिया। इस अधिकारी ने अपना नाम ना बताने की शर्ते पर कहा कि स्कूल के अलावा मेट्रो सेवा को भी अभी बंद ही रखा जाएगा। इसके अलावा जिम और स्विमिंग पुल को खोलने पर भी अभी रोक जारी रहेगी।

की गई थी बैठक

स्कूलों को खोलने को लेकर बीते सोमवार को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने एक बैठक की थी। इस बैठक में राज्य सरकारों से स्कूल खोलने को लेकर सलाह मांगी गई थी। इसके अलावा जून में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने बच्चों के अभिभावकों से उनकी राय मांगी थी। जिसे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि उस दौरान अधिकतर बच्चों के अभिभावक स्कूल खोलने के पक्ष में नहीं थे और इनका कहना था कि जब तक कोरोना वायरस की वैक्सीन ना आ जाए, तब तक स्कूलों को बंद ही रखा जाए।

वहीं इसी बीच अब ये खबरें आ रही थी कि सरकार शायद अनलॉक- 3 के दौरान स्कूलों को खोल सकती है। लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए सरकार ने अपना ये फैसला टाल दिया है। इसी तरह से दिल्ली मेट्रो को शुरू करने को लेकर अनलॉक-1 से तैयारियां की जा रही हैं, लेकिन केंद्रीय सरकार ने अभी तक मेट्रो को शुरू करने की अनुमति नहीं दी है। वहीं हालातों को देखते हुए अनलॉक- 3 में भी मेट्रो की सेवा को बंद रखा जा सकता है।

मार्च में लगा था लॉकडाउन

गौरतलब है कि देश में मार्च महीने में लॉकडाउन लगा था जो कि 68 दिनों तक चला था। सरकार ने 31 मई को लॉकडाउन खत्म कर दिया था और अनलॉक-1 और अनलॉक-2 के तहत सेवाओं को फिर से शुरू किया गया था। वहीं अब अनलॉक- 3 के तहत और कई सेवाओं पर से बंदिशें हटाई जानी है। अनलॉक- 3 में किन सेवाओं को शुरू किया जा और किन सेवाओं को अभी बंद ही रखा जाए इसको लेकर काफी बैठकें की जा रही हैं।

बढ़ते जा रहे हैं कोरोना के केस

देश में कोरोना के केस की रफ्तार रोज बढ़ती जा रही है और रोजाना 45 हजार से अधिक कोरोना के केस सामने आ रहे हैं। कोरोना से इस समय महाराष्ट्र राज्य सबसे बुरी तरह से प्रभावित है। वहीं अब कोरोना ने बिहार में भी अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। बिहार में कोरोना के मामलों में एकदम से उछाल आया है। अभी तक भारत में कोरोना के 1,389,097 मामले सामने आ चुके हैं। जबकि 32,127 लोगों की मौत इस वायरस से हो चुकी है।

Back to top button