विशेष

10 अगस्त तक इस राज्य में लागू रहेगा जनता कर्फ्यू, नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 9 लाख 68 हजार तक पहुंच चुकी है। संक्रमित मामलों की संख्या में रोजाना नए रिकॉर्ड दर्ज हो रहे हैं। ऐसे में कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए देश के कई हिस्सों में फिर से लॉकडाउन लगा दिया गया है। जबकि कई हिस्सों में पहले से लगे लॉकडाउन को बढ़ाया जा रहा है। उत्तराखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र के कई जिलों में संक्रमण को रोकने के प्रयास में राज्य सरकारों ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला लिया है। इस लिस्ट में गोवा का नाम भी जुड़ गया है, गोवा सरकार ने बुधवार को बताया  कि 10 अगस्त तक राज्य में जनता कर्फ्यू होगा।

याद दिला दें कि देश में पहले चरण का लॉकडाउन 24 मार्च से शुरू हुआ था, ये लॉकडाउन पांच चरणों तक चला। इसके बाद देश में लोगों को हो रही असुविधाओं को देखते हुए और अर्थव्यवस्था को पुनः पटरी पर लाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा देश को अनलॉक करने का फैसला लिया गया। अनलॉक के साथ साथ देश में कोरोना के मामले भी तेजी से बढ़ते गए। ऐसे में अब वायरस का खतरा दोगुना हो गया है। इस खतरनाक वायरस के  संक्रमण को रोकने के लिए कई राज्य फिर से लॉकडाउन का सहारा ले रहे हैं।

गोवा में 10 अगस्त तक जनता कर्फ्यू

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बुधवार को ऐलान किया कि राज्य में आगामी 10 अगस्त तक जनता कर्फ्यू लगाया जाएगा। कर्फ्यू के दौरान लोगों के घर से बाहर निकलने पर पूर्ण रूप से पाबंदी होगी, हालांकि जरूरी सेवाओं को कर्फ्यू के दौरान छूट दी जाएगी। साथ ही सीएम ने कहा कि इस हफ्ते गोवा में शुक्रवार, शनिवार और रविवार को लगातार 3 दिनों तक संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा।


आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जनता कर्फ्यू के दौरान रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक लोगों को अपने घरों से निकलने की पाबंदी होगी। हालांकि इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों को आने-जाने की अनुमति रहेगी।

गोवा में कोरोना संक्रमण की बात करें, तो यहां अब तक तकरीबन 2900 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। जबकि 20 से अधिक लोगों ने इस वायरस की वजह से अपनी जान गंवाई है। वहीं 1600 से ज्यादा लोग ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं।

देश के कई राज्यों में लौटा लॉकडाउन

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि उत्तराखंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक, बिहार, असम और नागालैंड जैसे कई राज्यों में लॉकडाउन जारी है। देश में लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए राज्य सरकारें अब सतर्क हो रही हैं। अब देखना होगा कि राज्यों में लॉकडाउन से कोरोना के फैलाव को किस हद तक रोका जा सकता है।

बता दें कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के 32 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। रोजाना बढ़ते मामलों से अब कोरोना मरीजों की संख्या 9 लाख 68 हजार हो चुकी है। वहीं इस वायरस की वजह से मरने वालों की  संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। ये संख्या लगभग 25 हजार तक जा पहुंची है। ऐसे में वायरस के खतरे को देखते  हुए  राज्य सरकारें एहतियातन लॉकडाउन लगा रहे हैं।

Back to top button