समाचार

क्या उग्रवादियों की मदद कर रहा है चीन? अरुणाचल में मारे गए आतंकियों के पास मिले चीनी हथियार

अरुणाचल प्रदेश में सेना को बड़ी कामयाबी मिली है और भारतीय सेना ने इस राज्य में छुपे हुए 6 आतंकवादियों को मार गिराया है। अरुणाचल प्रदेश के खोंसा इलाके में शनिवार की सुबह सेना ने आतंकवादियों के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन चलाया था और इस ऑपरेशन के दौरान तिरप जिले में सेना ने 6 आतंकियों को ढेर किया है। ये ऑपरेशन सुबह करीब 4:30 बजे किया गया था। असम पुलिस के अनुसार सूचना के आधार पर ये ऑपरेशन किया गया था और ये आतंकी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने वाले थे।

NSCN-IM के थे सदस्य

सेना की और से दी गई जानकारी के अनुसार मारे गए सभी आतंकवादी नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड (NSCN-IM), जो एक उग्रवादी संगठन है उसके सदस्य थे। पुलिस और असम राइफल्स की ज्वाइंट टीम की और से ये ऑपरेशन चलाया गया था।  अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी आर. पी. उपाध्याय ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस और असम राइफल्स की ज्वाइंट टीम ने शनिवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन शुरू किया था। जिसमें नगा उग्रवादी संगठन के 6 आतंकवादी मारे गए हैं। वहीं आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान असम राइफल्स का एक जवान भी घायल हुआ है। जिसे अस्पताल में भर्ती किया गया है।

आर. पी. उपाध्याय के मुताबित उन्हें इस क्षेत्र में 6 से 8 भारी सशस्त्र एनएससीएन-आईएम आतंकवादियों की गतिविधि के बारे में विशेष जानकारी मिली थी। जिसके बाद घने जंगल और पहाड़ियों वाले इस क्षेत्र में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।

आपको बात दें कि नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड या एनएससीएन (आईएम) पिछले कई दशकों से असम और आसपास के राज्य में सक्रिया है। ये विद्रोही आतंकी संगठन यहां के लोगों के लिए एक अलग देश बनाने की मांग करता आ रहा है और इस संगठन की और से कई आतंकवादी घटनाओं को अंजाम दिया गया है।

किसी बड़ी साजिश की बना रहा था योजना

ये आतंकी समूह किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की योजना बना रहा था। आर. पी. उपाध्याय के अनुसार ये समूह सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला करने की और किसी राजनेता को अगवा करने जैसी योजना पर काम कर रहा था। हालांकि इससे पहले ही सेना ने इन आतंकवादियों को मार गिराया है।

बरामद हुए चीनी हथियार

मारे गए इन आतंकियों के पास से चीन में बने हथियार भी बरामद किए गए हैं। इनके पास से 4 एके -47 राइफल, 2 चीनी एमक्यू 81 राइफल, 2 हैंड ग्रेनेड, टिफिन बॉक्स में छुपाया गया 1 आईईडी , 1000 राउंड लाइव और 300 राउंड गोला बारूद बरामद किया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर चीनी हथियार इन आतंकवादियों के पास कैसे आए।

वहीं अभी भी ये ऑपरेशन जारी है और सेना जंगल की अच्छे से तलाशी ले रही है। ताकि कोई आतंकी अगर छुपा हो तो उसे पकड़ लिया जाए।

Back to top button