दिलचस्प

विकास दुबे के एनकाउंटर पर तापसी ने कसा तंज, कहा “फिर वे कहते हैं बॉलीवुड की कहानी सच्चाई से दूर”

विकास दुबे के एनकाउंटर से देश में सनसनी मच गई है और अब बॉलीवुड से भी प्रतिक्रिया आने लगी है

आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाला कानपुर का गैंगस्टर विकास दुबे शुक्रवार की सुबह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। उज्जैन से गिरफ्तार होने के बाद उसे यूपी एसटीएफ की टीम ट्रांजिट रिमांड के लिए कानपुर ले जा रही थी तभी अचानक गाड़ी पलट गई। इसके बाद विकास दुबे ने सुरक्षाकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। विकास दुबे की एनकाउंटर की खबर ने हर किसी को चौंका दिया है और अब लोगों के रिएक्शन आने भी शुरु हो गए हैं। बॉलीवुड सेलेब्रिटीज भी इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

 तापसी पन्नू ने घटना पर दी प्रतिक्रिया

विकास दुबे के गिरफ्तारी के बाद से हुए एनकाउंटर से पूरे देश में सनसनी फैली है। एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने इस एनकाउंटर पर हैरानी जताते हुए उन लोगों पर तंज कसा है जो बॉलीवुड फिल्मों को ख्याली बताते हैं। तापसी ने ट्वीट कर कहा- क्या बात है, ये तो हमने कभी सोचा भी नहीं था और फिर वो लोग बॉलीवुड पर आरोप लगाते हैं कि यहां सच्ची कहानियां नहीं दिखाई जाती।


 बता दें कि विकास दुबे के गिरफ्तारी से लेकर एनकाउंटर तक की पूरी घटना किसी मसालेदार एक्शन फिल्म की कहानी जैसी ही लग रही है। पहले उसने 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी और फिर फ़रार हो गया। वो जगह-जगह भटकता रहा और फिर 9 जुलाई को उज्जैन से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त विकास ने जिस तरह चिल्लाया कि मैं विकास दुबे हूं, कानपुर वाला वो भी काफी फिल्मी था। वहीं अगली सुबह होते होते उसका एनकाउंटर कर दिया गया। ये सारी घटनाएं अपने आप में काफी फ़िल्मी नजर आ रही हैं।

 फिल्मी लगती है विकास की कहानी

बता दें कि बॉलीवुड में हमेशा से ही ऐसे गैंगस्टरों पर आधारित फिल्में पसंद की जाती रही हैं। खुद विकास दुबे भी ‘अर्जुन पंडित’ फिल्म का बहुत बड़ा फैन था। सनी देओल की इस फिल्म में जिस तरह सनी का किरदार दिखाया गया था वो विकास दुबे को काफी पसंद आया था। खबर थी कि अपने चाहने वालों और पुलिसकर्मियों के बीच वो ‘पंडित जी’ नाम से ही मशहूर था।

 ग़ौरतलब है कि जब विकास दुबे ने कानपुर मुठभेड़ में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी तो हर कोई हैरान रह गया था। वहीं बॉलीवुड का भी गुस्सा विकास दुबे पर जमकर उतरा था। ऐसे में उसके एनकाउंटर के बाद से अब सेलेब्स की तरफ से प्रतिक्रिया आने लगी है। बता दें कि विकास दुबे की गिरफ्तारी के बाद बॉलीवुड डायरेक्टर अशोक पंडित ने सीएम योगी की तारीफ की थी। साथ ही कहा था कि ऐसे अपराधी को सरे आम फांसी दे देनी चाहिए।

 बता दें कि विकास दुबे के बिकरु गांव में इस वक्त सन्नाटा पसरा हुआ है और गांव के लोग कुछ भी कहने से अभी कतरा रहे हैं। वहीं ये खबर भी सामने आ रही है कि बिकरु गांव ग्राम पंचायत भवन में बम मिलने की आशंका है। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस की एक टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है। घटनास्थल पर एसडीएम बिल्हौर भी मौजूद हैं। बता दें कि विकास दुबे के 5 साथी भी पहले ही मारे जा चुके हैं। उसके दो सबसे करीबी दोस्त प्रभात मिश्रा और अमर दुबे का भी एनकाउंटर किया गया था।

Back to top button