समाचार

कानपुर एनकाउंटर में यूपी STF को मिली बड़ी सफलता, मारा गया विकास दुबे का राइट हैंड

चौबेपुर में पिछले दिनों पुलिस और बदमाशों के बीच हुए मुठभेड़ में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या हुई थी। इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी विकास दुबे अबतक फरार है। इसी बीच पुलिस और यूपी एसटीएफ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल, STF ने विकास दुबे के करीबी अमर दुबे को बुधवार सुबह हुए एक एनकाउंटर में मार गिराया। यह एनकाउंटर हमीरपुर के मौदहा में हुआ है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कानपुर मुठभेड़ में अमर दुबे भी पुलिस की वांटेड लिस्ट में शामिल था।

इस पूरी घटना के संबंध में यूपी एसटीएफ ने जानकारी दी है कि जब उन्होंने अमर दुबे को पकड़ने के लिए चारों तरफ से घेरा, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। इसकी जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ ने भी फायरिंग की और इसी फायरिंग में अमर दुबे ढेर हो गया। मौदहा में हुए इस मुठभेड़ में इंस्पेक्टर मनोज शुक्ला और एक एसटीएफ का सिपाही गोली लगने से घायल हुए हैं। घायल सिपाहियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह साढ़े 6 बजे यह एनकाउंटर किया गया है। साथ ही ये जानकारी भी मिली है कि अमर दुबे मौदहा में अपने किसी करीबी रिश्तेदार के घर छिपने जा रहा था, जबकि इससे पहले अमर फरीदाबाद में छिपा था। खोजबीन तेज हुई, तो अमर फरीदाबाद से भागकर मौदहा पहुंच गया था। एसटीएफ को इसकी जानकारी मिली और वे अमर को पकड़ने के लिए मौदहा पहुंच गए।

कानपुर कांड में था शामिल

अमर दुबे और विकास दुबे

मौदहा में एनकाउंटर में ढेर हुआ अमर दुबे कानपुर कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे का भाई है और उसका राइट हैंड भी बताया जा रहा है। पिछले दिनों चौबेपुर के विकरू गांव में हुए शूटआउट में अमर भी शामिल था। बता दें कि अमर को पकड़ने के लिए पुलिस ने 25 हजार रूपए का इनाम घोषित किया था। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस और एसटीएफ की टीम अमर दुबे को मारना नहीं चाहती थीं, बल्कि उसे जिंदा पकड़ना चाहती थी। ऐसे में जब एसटीएफ की टीम ने अमर को सरेंडर करने के लिए कहा, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। इसी के जवाबी फायरिंग में वह मारा गया। यूपी एसटीएफ इसे बड़ी कामयाबी बता रही है।

विकास दुबे कर सकता है सरेंडर

दूसरी तरफ कानपुर कांड का मुख्य आरोपी विकास दुबे लगातार फरार चल रहा है और उसे भी अपने एनकाउंटर का शक है। रिपोर्ट्स की मानें, तो वह कानूनी तौर पर अपने वकीलों के जरिए कोर्ट में सरेंडर करने के ताक में है। विकास दुबे की आखिरी लोकेशन फरीदाबाद में मिली है, यहां वो रूकने के लिए एक होटल में कमरा लेने पहुंचा था। मगर पुलिस के हाथों नहीं चढ़ा क्योंकि जब तक पुलिस पकड़ने के लिए उसे पहुंचती, वह फरार हो गया। विकास के बारे में जानकारी लेने के लिए एसटीएफ की टीम ने फरीदाबाद में उसके दो करीबियों को गिरफ्तार किया है और उनसे लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस को ऐसा शक है कि वो हरियाणा या दिल्ली के कोर्ट में सरेंडर कर सकता है।

Back to top button