समाचार

विकास दुबे ने ए के -47 से पुलिस पर चलाई गई थी गोली, डीजल से शवों को जलाने का भी था प्लान

कानपुर मुठभेड़ मामले में रोज कई सारे चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। वहीं अब जो बात सामने आई है उसके मुताबिक अपराधी विकास दुबे ने पुलिस वालों के शवों को जलाने की कोशिश की थी। इतना ही नहीं शवों को जलाने से पहले विकास दुबे और उसके गैंग के लोगों ने इनके साथ बर्बरता भी की थी। ये खुलासा ऑटोप्सी रिपोर्ट (शव परीक्षा) में हुआ है। ऑटोप्सी रिपोर्ट में कहा गया है कि बिल्हौर के सीओ देवेंद्र मिश्रा के शव के साथ बर्बरता की गई थी। इन्हें मारने के बाद इनके सिर, हाथ और पैर के अंगूठे काटकर फेंक दिए थे। आपको बात दें कि कानपुर मुठभेड़ में कुल 8 पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। जिनमें से सीओ देवेंद्र मिश्रा भी एक हैं।

पुलिस के शवों को चाहते थे जलाना

मुठभेड़ वाली जगह से मिले सबूतों के आधार पर ये भी कहा जा रहा है कि विकास दुबे गैंग पुलिस के शवों को जलाने की तैयारी में भी  था। एक रिपोर्ट के अनुसार गैंग के लोगों ने सभी शवों को एक साथ जमा किया और उसके बाद सीओ का सिर और हाथ-पैर के अंगूठे को काटकर फेंक दिया। फिर विकास दुबे और उसके गैंग के लोग पुलिस वालों के शवों को जलाने की तैयारी करने लग गए। ये अपराधी गाडी के डीजल से पुलिस के शव जलाना चाहते थे।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने अटॉप्सी रिपोर्ट के हवाले से कहा है कि विकास दुबे गैंग ने पुलिस वालों को मारने के बाद, नक्सलियों की तरह इनके शव के साथ दुर्व्यवहार किया था। गैंग के लोगों ने सभी शवों को एक साथ जमा किया और हाथ-पैर की ऊंगली को काटना शुरू कर दिया था।

ए के -47 से पुलिस पर चलाई गई थी गोली

कानपुर मुठभेड़

मुठभेड़ के दौरान विकास दुबे के गैंग की और से रायफल और एके-47 का इस्तेमाल किया गया था। मौके से फॉरेंसिक टीम के हाथ  50 से ज्यादा खोखे लगे हैं। फॉरेंसिक टीम के अनुसार पुलिस पर गोली चलाने के लिए रायफल और ए के-47 का भी इस्तेमाल हुआ था और ऑटोमैटिक राइफलों से पुलिस पर फायरिंग की गई थी।

विकास दुबे अभी तक है फरार

शुक्रवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद से गैंगस्टर विकास दुबे फरार है। विकास दुबे की तलाश के लिए पुलिस की 100 टीमें लगाई गई हैं। लेकिन अभी तक विकास का कोई भी सुराग नहीं मिला है। वहीं विकास दुबे यूपी से बाहर ना जा सके। इसके लिए यूपी की सभी सीमा को सील कर दिया गया है और पुलिस के जवानों को सीमाओं पर तैनात किया गया है।

50 हजार का रखा है इनाम

यूपी पुलिस ने विकास दुबे के ऊपर 50 हजार का इनाम भी घोषित किया है। विकास के अलावा इसके 18 साथियों पर भी इनाम रखा गया है। वहीं रविवार सुबह को पुलिस ने विकास दुबे को नौकर दयाशंकर अग्निहोत्री को गिरफ्तार कर लिया है। इसपर पुलिस ने 25 हजार का इनाम रखा था। मुठभेड़ वाले दिन दयाशंकर अग्निहोत्री विकास दुबे के साथ ही था। पुलिस को उम्मीद है कि दयाशंकर अग्निहोत्री की मदद से विकास दुबे के और ठिकानों के बारे में जानकारी मिल सकती है।

Back to top button