समाचार

दारोगा ने पहुंचाई थी विकास दुबे तक पुलिस के आने की जानकारी, ऐसे की गई थी हमले की प्लानिंग

उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिकरू गांव में हुई मुठभेड़ को लेकर चौंकाने वाली बात सामने आई है। कहा जा रहा है कि अपराधी  विकास दुबे को पहले से ही पुलिस के बिकरू गांव आने की जानकारी मिल गई थी। जिसके बाद शुक्रवार की सुबह पुलिस और विकास दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई थी और इस मुठभेड़ में 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। इस मुठभेड़ में पुलिस ने दो हमलावर को भी मार गिराया था। वहीं इस मुठभेड़ के बाद से विकास दुबे फरार है और पुलिस उसे पकड़ने में लगी हुई है।

दारोगा ने दी थी पुलिस के आने की खबर

मुठभेड़ की जांच करने के दौरान कई सारी हैरान जनक बातें सामने आई हैं। सूत्रों के अनुसार एक दारोगा ने विकास दुबे को फोन कर पुलिस के आने की जानकारी उसे दी थी। जिसके बाद विकास दुबे ने योजना के तहत पहले जेसीबी मशीन को लगाकर पुलिस का रास्ता बंद कर दिया। वहीं जैसे ही पुलिसकर्मी आगे बढ़ी, तो विकास के इशारों पर पुलिस वालों पर फायरिंग की गई। जिसमें डीएसपी, 3 एसआई सहित 8 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। वहीं इसके बाद से पुलिस विकास दुबे की तलाश कर रही है।

12 लोगों को लिया हिरासत में

शुक्रवार सुबह को हुई इस मुठभेड़ के बाद से पुलिस की करीब 20 से अधिक टीमें यूपी के अलग-अलग जिलों में विकास दुबे की तलाशी कर रही हैं। जिन जगहों पर तलाशी की जा रही है वहां पर विकास दुबे के रिश्तेदार और परिचित लोग रहते हैं। वहीं अभी तक पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने इन लोगों से विकास दुबे के मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर हिरासत में लिया है।

विकास के कॉल डिटेल में मिला पुलिसकर्मी का नंबर

विकास दुबे की बात कई सारे पुलिसकर्मियों से भी हुई थी। ऐसे में पुलिस को शक है कि चौबेपुर थाने के ही एक दारोगा ने विकास दुबे को पुलिस रेड की सूचना पहले ही दे दी थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने इस मामले में चौबेपुर थाने के एक दरोगा, सिपाही और होमगार्ड के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल खंगाल रही है। ताकि ये पता लगाया जा सके की किसने पुलिस के आने की सूचना विकास दुबे को दी थी।

सूचना देने वालों को दिया जाएगा इनाम

विकास दुबे की जानकारी देने वाले व्यक्ति को पुलिस ने 50,000 का इनाम देने का एलान किया है। पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल के अनुसार जो विकास दुबे की सूचना देगा उसका नाम गुप्त रखा जाएगा और उसे 50,000 का इनाम मिलेगा। विकास दुबे की सूचना 9454400211 पर संपर्क करके दी जा सकती है।

60 FIR हैं दर्ज

विकास दुबे एक बड़ा अपराधी है और उसके खिलाफ कानपुर के थाने में 60 एफआईआर दर्ज हैं। वहीं शुक्रवार को एक मामले की जांच के लिए कानपुर पुलिस बिकरू गांव गई थी। लेकिन इस दौरान पुलिस पर ही फायरिंग कर दी गई। वहीं इस फायरिंग में घायल हुए पुलिसकर्मियों से पूछताछ करने पर और मौके पर मिले सबूत के आधार पर ये आशंका जताई जा रही है कि पुलिस रेड की जानकारी विजय दुबे को दी गई थी। वहीं ये जानकारी किसने विकास दुबे तक पहुंचाई है, उसके नाम का पता पुलिस लगाने में जुट गई है।

Back to top button