बॉलीवुड

बहुत बड़ा कलेजा था सुशांत सिंह राजपूत का, आपदा में केरल व नागालैंड को दिए थे इतने करोड़

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के अचानक आत्महत्या कर लेने के बाद उनके प्रशंसक बड़े ही हैरान-परेशान और मायूस हैं। उनके प्रशंसकों से लेकर बॉलीवुड स्टार्स तक सोशल मीडिया में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। इसी बीच लेखक-निर्देशक चारुदत्त आचार्य ने भी सुशांत सिंह राजपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें विशेष तरीके से याद किया है।

चारुदत्त आचार्य ने कहा है कि सुशांत सिंह राजपूत के सीने में जो दिल धड़कता था, वह बहुत ही बेहतरीन था। आचार्य के मुताबिक सुशांत एक बड़े ही दयालु प्रवृत्ति के इंसान थे। इस लेखक और निर्देशक ने सुशांत को याद करते हुए लिखा है कि जब वर्ष 2018 में नागालैंड विनाशकारी बाढ़ को झेल रहा था, तब सुशांत सिंह राजपूत ने भी अपनी तरफ से नागालैंड को एक करोड़ 25 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी थी।

फेसबुक पोस्ट में लिखा

चारुदत्त आचार्य के पिता पीबी आचार्य वर्ष 2014 से 2019 तक नागालैंड के राज्यपाल रहे थे। सुशांत सिंह राजपूत को बड़े ही भावुक अंदाज में अपनी फेसबुक पोस्ट में याद करते हुए चारुदत्त आचार्य ने लिखा है कि वर्ष 2018 में नागालैंड में आई बाढ़ के दौरान सुशांत सिंह राजपूत ने राज्य का दौरा भी किया था।

आचार्य ने लिखा है कि सुशांत सिंह राजपूत की असामयिक मौत ने हम सभी को दुख के सागर में डुबो दिया है। मैं और मेरा पूरा परिवार सुशांत का बहुत बड़ा फैन रहा है। आचार्य ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा है कि मेरी पत्नी सुशांत सिंह राजपूत की सीरियल पवित्र रिश्ता के दिनों से ही बहुत बड़ी फैन रही हैं। वे मुझसे कहा भी करती थीं कि चारु देखना यह लड़का एक दिन बहुत आगे जाएगा। टीवी का अगला शाहरुख खान सुशांत सिंह राजपूत ही होगा।

आकर सौंपा था चेक

 


अपनी पोस्ट में आचार्य ने लिखा है कि वर्ष 2018 में नागालैंड में बड़ी भयानक बाढ़ आ गई थी। मेरे पिता तब यहां के राज्यपाल थे। नागालैंड सरकार ने लोगों से मुख्यमंत्री बाढ़ राहत कोष में दान देने की अपील की थी। सुशांत सिंह राजपूत उस वक्त दिल्ली में एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। तब वे खुद दीमापुर आए थे और यहां आकर उन्होंने मुख्यमंत्री निफिउ रियो के हाथ में 1.25 करोड़ रुपये का चेक सौंप दिया था।

फैन के अनुरोध पर केरल को 1 करोड़ की मदद

वर्ष 2018 में ही केरल भी भयानक बाढ़ की चपेट में आ गया था। तब सुशांत सिंह राजपूत ने केरल रिलीफ फंड में भी 1 करोड़ रुपये का दान अपने एक फैन के अनुरोध पर किया था। दरअसल उनके इंस्टाग्राम पर एक फैन ने केरल के बाढ़ पीड़ितों की मदद करने का रिक्वेस्ट किया था, जिसके बाद सुशांत सिंह राजपूत ने एक करोड़ रुपये केरल के बाढ़ पीड़ितों के लिए भी दान दे दिए थे।

कथित तौर पर डिप्रेशन के शिकार सुशांत ने महज 34 साल की उम्र में बीते रविवार को आत्महत्या कर ली थी। मुंबई के विले पार्ले श्मशान में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें अभिनेत्री कृति सेनन, श्रद्धा कपूर, अभिषेक कपूर और विवेक ओबरॉय आदि मौजूद थे।

पढ़ें अपने पीछे इतने करोड़ की सपत्ति छोड़ गए सुशांत सिंह राजपूत, जमीन पर नहीं चांद पर खरीदा था प्लॉट

Back to top button