राजनीति

मनोज तिवारी की जगह आदेश गुप्ता बने भाजपा दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष, जानिये क्यों है वो ख़ास

मनोज तिवारी ने आदेश कुमार गुप्ता को नए प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी है साथ ही माफी भी मांगी है

दिल्ली सांसद मनोज तिवारी को लॉकडाउन के बीच करारा झटका लगा है। मनोज तिवारी को दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया गया है। अब ये जिम्मेदारी उत्तरी नगर निगम के पूर्व महापौर आदेश गुप्ता को सौंपी गई है।बता दें कि दो साल बाद दिल्ली में नगर निगम के चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में बीजेपी ने इसे ध्यान में रखते हुए आदेश गुप्ता को दिल्ली प्रदेश बीजेपी का अध्यक्ष बनाया है। इस फैसले पर सांसद मनोज तिवारी ने भी आदेश गुप्ता को बधाई दी है साथ ही दिल्ली के लोगों से माफी भी मांगी है।

तीन साल पहले राजनीति में उतरे थे आदेश

आदेश कुमार गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर जेपी नड्डा को धन्यवाद कहा है । इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य सीनियर नेताओं का भी आभार जताया है। बता दें कि बीजेपी राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की तरफ से जारी नियुक्ति पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आदेश पर मनोज तिवारी की जगह आदेश गुप्ता को दिल्ली का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। ये नियुक्ति भी तत्काल प्रभाव से लागू हो चुकी है।

आदेश गुप्ता ने राजनीति की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की थी। आदेश उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा और बीजेपी के कई पद पर आदेश गुप्ता रह चुके हैं। गौरतलब है कि राजनीति की शुरुआत उन्होंने महज 3 साल पहले ही की थी। 2017 में आदेश गुप्ता ने पटेल नगर से पहली बार नगर निगम का चुनाव जीता था और पार्षद बने थे। इसके बाद 2018 में उन्हें उत्तरी दिल्ली नगर निगम का महापौर बनाया गया था। आदेश गुप्ता को विधानसभा चुनाव के पहले दिल्ली में बंगाली समाज को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई थी।

ये होंगी पहली प्राथमिकताएं

दिल्ली के नए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बने आदेश गुप्ता मूल रुप से यूपी के कन्नौज जिले के गुरसहायजंग के रहने वाले हैं। उन्होंने कानपुर से बीएससी की शिक्षा प्राप्त की। वो पहली बार वार्ड नंबर 98 यानि वेस्ट पटेल नगर से पार्षद बने थे। बीजेपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यालय में धर्मेंद्र प्रधान के समय ही कार्यालय मंत्री रहे। साथ ही करोलबाग जिला में बीजेपी उपाध्यक्ष रहे।

आदेश कुमार गुप्ता की इस पद के संभालने के साथ ही तीन प्राथमिकताएं होंगी। इसमें सबसे पहले उत्तरी निगम की खराब आर्थिक हालत को ठीक कर उसे आत्मनिर्भर बनाना। स्वच्छ भारत मिशन के तहत हर घर को स्वच्छता अभियान से जोड़ना। निगम के पार्कों की हालत को ठीक करना और पार्किंग व्यवस्था को सही करना होगा।

मनोज तिवारी ने दी बधाई

बात करें मनोज तिवारी की तो उन्होंने आदेश कुमार गुप्ता को बधाई देते हुए बीजेपी के लिए भी ट्वीट किया। मनोज तिवारी ने लिखा कि दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के रुप में इस 3.6 साल के कार्यकाल में जो प्यार और सहयोग मिला उसके लिए सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और दिल्लीवासियों का सदैव आभारी रहूंगा। अगर जाने अनजाने कोई गलती हो गई हो तो माफ करिएगा।  नए प्रदेश अध्यक्ष भाई आदेश गुप्ता को असंख्य बधाईंया।


गौरतलब है कि इस बार हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में मनोज तारी को सीएम पद का चेहरा बनाकर उतारा गया था हालांकि उनके नेतृत्व में बीजेपी को हार मिली थी। मनोज तिवारी का दावा था कि उनकी पार्टी 45 सीटों से जीतेगी, लेकिन उन्हें केवल 8 सीट मिली थी। इसके बाद से ही ये कयास तेज हो गए थे कि मनोज तिवारी से ये पद लिया जा सकता है।

Back to top button