समाचार

बड़ी खबर: 1 जून से खोले जाएंगे मंदिर-मस्जिद, इन दो राज्यों की सरकार ने किया बड़ा ऐलान

कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देशभर में बीते 25 मार्च से ही लॉकडाउन घोषित है, जिसकी मियाद फिलहाल 31 मई तक रखी गई है। ऐसे में अब सबकी निगाहें केंद्र सरकार की तरफ टिकी हुई हैं कि 31 मई के बाद क्या होगा? केंद्र सरकार की तरफ से भी तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रीयों से बातचीत में लॉकडाउन को लेकर आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई है। इसी कड़ी में कई राज्यों ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर धार्मिक स्थलों आदि को खोलने की मांग की है, तो वहीं कई राज्यों ने तो धार्मिक स्थलों को खोलने के आदेश भी दे दिए हैं। तो चलिए जानते हैं कि वे कौन से राज्य हैं, जहां सरकार ने मंदिर मस्जिद खोलने के आदेश दे दिए हैं?

देश की आर्थिक स्थिति और बेरोजगारी के मद्देनजर अब धीरे धीरे लॉकडाउन खोला जाने लगा है। लॉकडाउन के चौथे चरण में काफी चीज़ों में छूट दी गई है, जिसके बाद अब अगर पांचवां चरण होता है, तो इसमें और ढील दिए जाने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। इन्हीं सबके बीच बंगाल और कर्नाटक की तरफ से धार्मिक स्थलों को खोलने का फैसला ले लिया गया है। खबरों की माने तो 1 जून से इन दोनों राज्यों में धार्मिक स्थल खुलेंगे।

ममता बनर्जी ने धार्मिक स्थलों को खोलने का दिया आदेश


बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने धार्मिक स्थलों को खोलने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि 1 जून से सभी धार्मिक स्थल खोले जाएंगे, जिसके लिए जल्द ही गाइडलाइंस जारी होंगी। उन्होंने अपने आदेश में कहा कि धार्मिक स्थल पर 10 से ज्यादा लोग एकत्रित नहीं हो सकेंगे। इसके अलावा, 8 जून से सभी दफ्तरों को भी खोलने का आदेश दिया गया है। कुल मिलाकर, अब लॉकडाउन को खोलने की तैयारी शुरू हो चुकी है।

कर्नाटक सरकार ने भी दिया आदेश

कोरोना संकट के बीच कर्नाटक सरकार की तरफ से भी एक आदेश में कहा गया कि 1 जून से मंदिरों के कपाट खोल दिए जाएंगे, जिसके लिए ऑनलाइन बुकिंग होगी। 31 मई तक ऑनलाइन बुकिंग की सभी तैयारियां कर ली जाएंगी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि कर्नाटक सरकार ने कुछ दिन पहले ही केंद्र सरकार को मंदिरों को खोलने के लिए पत्र लिखा था, जिसके बाद अब राज्य सरकार ने मंदिरों को खोलने का आदेश दे दिया है।

क्या फिर बढ़ेगा लॉकडाउन?

31 मई के बाद लॉकडाउन बढ़ाया जाए या नहीं, इसको लेकर केंद्र सरकार तमाम राज्यों के साथ चर्चा कर रही है। सूत्रों की मानें, तो देश में दो हफ्तों के लिए लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है, लेकिन इसमें काफी ज्यादा ढील दी जाएगी और लॉकडाउन के पांचवें चरण में ज्यादा फोकस सिर्फ कोरोना हॉटस्पॉट पर ही होगा। इतना ही नहीं, विशेषज्ञों ने मोदी सरकार को अब लॉकडाउन खोलने की नसीहत दे डाली है, ऐसे में देखने वाली बात होगी कि केंद्र सरकार इस पर क्या फैसला लेती है।

यह भी पढ़े- 8000 रुपये से खड़ा किया 26 हजार करोड़ का साम्राज्य, अविश्वसनीय है अरुण पुडुर की कहानी

Back to top button