अध्यात्म

चाणक्य नीति: समय रहते ही खोल लेंगे अपनी आंखें, तो जिंदगी भर कोई नहीं दे सकेगा धोखा

कई बार हम लोगों को बिना जाने पहचाने ही उन्हें जज कर लेते हैं, तो कई बार हम बिना किसी को परखे ही उस पर भरोसा कर बैठते हैं, जो हमारे लिए घातक साबित होता है। दरअसल, जब हम बिना किसी को परखे ही उस पर भरोसा कर लेते हैं, तो वह इंसान हमारे लिए मुसीबत बन जाता है और हम उसके धोखे के शिकार हो जाते हैं। ऐसी परेशानियों से बचने के लिए हमें लोगों को सही रूप में पहचानना आवश्यक है।

विद्धान चाणक्य अपने नीति ग्रंथ में कई ऐसी नीतियों का उल्लेख करते हैं, जिसे आप अपनाकर अपने जीवन में आने वाली परेशानियों से बच सकते हैं। ऐसे ही चाणक्य ने अपने नीति ग्रंथ में उन 5 चीजों का उल्लेख किया है, जिन पर ध्यान देकर मनुष्य बड़े से बड़े धोखे से बच सकता है। आइये जानते हैं वो 5 चीजें क्या हैं?

कमजोरी

चाणक्य कहते हैं कि मनुष्य को अपनी कमजोरी सबके सामने नहीं बताना चाहिए। ऐसा करने से आप परेशानियों में पड़ सकते हैं। हमेशा कोशिश ये होनी चाहिए कि आपकी कमजोरियां सामने वाला न जान सके। कमजोरियों के पता लगते ही विरोधी इसका फायदा उठाना शुरू कर देते हैं और सही मौका देखकर आपको धोखा देते हैं।

मोह

हमें खुद पर नियंत्रण करना अति आवश्यक है। अगर आप खुद पर नियंत्रण करना सीख जाएंगे, तो यह किसी से भी धोखा खाने का सबसे बड़ा हथियार है। चाणक्य अपने नीति ग्रंथ में कहते हैं कि मनुष्य को कभी भी किसी भी इंसान से ज्यादा लगाव नहीं रखना चाहिए। रिश्तों में धोखा तभी मिलता है, जब दोनों तरफ से बराबर का व्यवहार न मिले।

सत्य

झूठ बोलने वाले व्यक्ति को निराशा ही हाथ लगती है। कहा जाता है कि झूठ का धन बहुत फलता फूलता है, लेकिन जब एक बार जाता है तो सबकुछ चला जाता है। इसके उलट हमेशा सत्य के मार्ग पर चलने वाला इंसान विकट परिस्थितियों में भी खुद को बचा लेता है। चाणक्य अपने नीति ग्रंथ में कहते हैं, सत्य का साथ देने वाले व्यक्ति पर ईश्वर की कृपा होती है। सत्य बोलने वाले के साथ कोई धोखा नहीं कर सकता, अगर ऐसे व्यक्ति के साथ कोई धोखा कर भी दे, तो वह बहुत जल्दी उबर जाता है।

लालच

लालच बुरी बला है। अगर आपके नजदीक कोई व्यक्ति आता है, तो पहले उसे परख लीजिए कि कहीं वो किसी लालच से जुड़कर तो आपके पास नहीं आ रहा है। अगर ऐसा हो तो तुरंत ऐसे लोगों का त्याग कर देना चाहिए। चाणक्य की नीति ग्रंथ कहती है कि लालची व्यक्ति का सर्वनाश जल्द ही हो जाता है। इसलिए मनुष्य को न सिर्फ लालच से बल्कि लालची व्यक्तियों से भी बचकर रहना चाहिए। अगर आपका रिश्ता किसी लालच से बना है, तो ऐसे रिश्तों में जल्द ही धोखा मिलने की संभावना होती है।

ज्ञान

ज्ञानी व्यक्ति अपने जीवन में आए हर मुश्किलों का सामना कर लेता है। वह अपना हर कदम बहुत ही सोच समझकर रखता है, क्योंकि जिसके पास ज्ञान होता है वह परिस्थितियों को समझ लेता है और वह विकट परिस्थितियों को भांपने की क्षमता रखता है। ऐसे व्यक्ति के धोखा खाने की संभावना बेहद कम होती है।

Back to top button