दिलचस्प

इस शख्स को LockDown तोड़ना पड़ा भारी, कोर्ट ने बना दिया ट्रैफिक पुलिस

आप सभी को अनिल कपूर की प्रसिद्ध फिल्म नायक तो याद होगी। अनिल कपूर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक नायक हर फैंस के जहन में आज भी ताजा है। फिल्म में अनिल कपूर एक पत्रकार रहते हैं। और वो मुख्यमंत्री (अमरीश पुरी) से एक इंटरव्यू करते हैं। जिसमें अनिल कपूर को फिल्म के खलनायक एक दिन का सीएम बना देते हैं। ये तो रील लाइफ की बात है। अब आपको रीयल लाइफ की एक ऐसी ही कहानी बताएंगे। आपको जानकर हैरानी होगी कि ऐसा सच में हुआ है। जी हां, कोलकाता में एक शख्स को सीएम तो नहीं, लेकिन पुलिस वाला जरूर बना दिया गया है। तो आइये जानते हैं, आखिर क्या है मामला।

दरअसल लॉकडाउन तोड़ने वाले एक शख्स को कोर्ट ने एक अनोखा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने शख्स को सजा के तौर पर 7 दिन के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ काम करने को कहा है। यह शख्स लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन कर रहा था। और इसने ट्रैफिक पुलिस पर हमला भी किया था। आरोपी टालीगंज का रहने वाला है। आरोपी युवक को अब अगले 7 दिन तक ट्रैफिक पुलिस के साथ काम करना होगा।

सजा के तौर पर अलीपुर कोर्ट ने सुनाया है कि, युवक को पुलिस के साथ मिलकर लॉकडाउन को जारी रखने के लिए उनके साथ काम करना है। लॉकडाउन तोड़ने वाले आरोपी ने अपनी आपबीती सुनाई। कोर्ट ने  जानबूझकर ये अनोखी सजा दी है। ताकि लोगों में लॉकडाउन को लेकर जागरूकता फैले । और दूसरे लोग लॉकडाउन के नियमों का पालन करें।

कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण लॉकडाउन 3 मई तक कर दिया गया है। 25 मार्च से 14 अप्रैल तक लॉकडाउन 21 दिनों का था। लेकिन 21वें दिन यानी 14 अप्रैल को राष्ट्र के नाम संबोधन में पीएम ने कहा, कोरोना के मामले देश भर में बढ़े हैं। इसलिए अभी हमें 3 मई तक लॉकडाउन में ही रहना पड़ेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि, ये आर्थिक स्तर पर महंगा है लेकिन जरूरी है। इसकी तुलना जीवन मूल्यों से नहीं की जा सकती है। पीएम मोदी ने कहा, आर्थिक दृष्टि से तो यह महंगा जरूर लगता है और इसकी देश को बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है। लेकिन भारत वासियों के जिंदगी के आगे इसकी कोई तुलना नहीं हो सकती। उन्होंने कहा, ‘सीमित संसाधनों के बीच भारत जिस मार्ग पर चला है उस मार्ग की चर्चा आज दुनिया में होना स्वाभाविक है। देश की राज्य सरकारों ने स्थानीय निकायों ने भी बहुत जिम्मेदारी के साथ काम किया है। 24 घंटे हर किसी ने अपना जिम्मा संभालने का प्रयास किया और हालत को संभाला है। लेकिन इन सब प्रयासों के बीच कोरोना जिस तरह फैल रहा है उसने विश्वभर में हेल्थ एक्सपर्ट को और सरकारों को और ज्यादा सतर्क कर दिया है।’

साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि कुछ इलाकों में 20 अप्रैल के बाद से छूट दी जा सकती है। लेकिन ये छूट सशर्त होगी। ये छूट गरीबों को ध्यान में रखकर दिया जा रहा है।  पीएम मोदी ने कहा, मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता में इनकी जीवन में आई मुश्किल को कम करना है।

Back to top button