बॉलीवुड

फिल्म में रावण के रोल में इन्हें देखना चाहती है टीवी की सीता, राम के लिए इन्हें बताया बेस्ट

रामायण नब्बे के दशक का सुपरहिट टीवी शो रहा है। इसमें सीता का किरदार दीपिका चिखलिया ने निभाया था। उस दौरान उन्होंने सीता की भूमिका अदा करके करोड़ों हिंदुस्तानियों के दिल में अपने लिए खास जगह बना ली थी। दीपिका इस वजह से बड़ी लाइमलाइट में आ गई थीं। यहां तक कि लोगों ने तो सीता समझकर उन्हें पूजना भी शुरू कर दिया था। इस वक्त कोरोना वायरस की वजह से देशभर में लॉकडाउन चल रहा है। इस दौरान टेलीविजन पर रामायण और महाभारत का प्रसारण फिर से हो रहा है। इसी क्रम में रामायण में सीता का किरदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया से एक इंटरव्यू के दौरान यह सवाल किया गया कि बॉलीवुड ने उनके अनुसार कौन से कलाकार राम, सीता और रावण का किरदार बखूबी निभा सकते हैं।

क्या बताया दीपिका ने?

इस बारे में दीपिका ने भी खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि रामायण के तो वैसे बहुत सारे वर्जन बने हैं, लेकिन मैं बता देना चाहती हूं कि सीता ज्यादा लंबी नहीं थी। ऐसे में सीता के किरदार में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट पूरी तरह से फिट बैठ सकती हैं। राम की भूमिका में कौन बॉलीवुड में सबसे अधिक जंचेगा, इसके जवाब में दीपिका ने बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन का नाम लिया। अब बारी थी रावण के किरदार की। ऐसे में दीपिका ने रावण के लिए नाम लिया बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन का। इसके अलावा लक्ष्मण की भूमिका के लिए दीपिका ने कहा कि वरुण धवन इसके लिए परफेक्ट साबित होंगे।

फिल्म बनने के कयास

अपने इस इंटरव्यू में दीपिका ने रामायण को लेकर कई तरह की बातें की। उन्होंने कहा कि रामायण के जो शुरुआती एपिसोड देखने को मिल रहे हैं, उन्हें देखने के बाद अलग-अलग लोगों के मन में कई तरह के विचार सामने आएंगे। गौरतलब है कि रामायण और महाभारत पर फिल्में बनाए जाने के कयास काफी समय से लगाए जा रहे हैं, लेकिन अब तक इन पर फिल्म बनाने को लेकर कोई भी प्रोजेक्ट स्पष्ट तौर पर सामने नहीं आया है। हालांकि, महाभारत को लेकर पिछले काफी समय से चर्चा चल रही है कि इस पर एक बहुत बड़े बजट की फिल्म बनने वाली है, फिर भी इसके बारे में और जानकारी सामने आने का इंतजार है।

अब भी लोकप्रिय

वर्तमान में चल रहे लॉकडाउन के दौरान जब एक बार फिर से रामायण और महाभारत का प्रसारण टेलीविजन पर किया जा रहा है तो यह बिल्कुल उसी तरीके से धूम मचा रहा है, जिस तरीके से 90 के दशक में इसके प्रसारण ने धूम मचाई थी। दोनों धार्मिक शो की लोकप्रियता में आज भी कोई कमी नहीं देखी जा रही है।

टीआरपी का रिकॉर्ड

ये दोनों ही शो टीआरपी का रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। रामायण का क्रेज लोगों में किस तरह से है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके रिपीट टेलीकास्ट के पहले दो दिनों में ही इसे बंपर व्यूअरशिप मिल गई थी। रामायण के केवल चार शोज को 170 मिलियन लोगों ने देख लिया है। बार्क के अनुसार हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट कैटेगरी में सर्वाधिक देखा जाने वाला शो रामायण बन गया है। दूरदर्शन पर सुबह 9 बजे और रात में 9 बजे रामायण का प्रसारण होता है।

Back to top button