बॉलीवुड

शादी की पहली एनवर्सरी मनाएंगे निक-प्रियंका, इन दिलचस्प किस्सों से आप भी होंगे अनजान

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस एक ऐसे कपल हैं जिनकी चर्चा बॉलीवुड और हॉलीवुड दोनों जगह पर होती है। 1-2 दिसंबर 2018 को निक और प्रियंका ने शादी की थी और आज वो अपनी पहली एनवर्सरी सेलिब्रेट करेंगे। ग़ौरतलब है कि निक और प्रियंका की एनवर्सरी एक नहीं बल्कि दो दिन पड़ती है क्योंकि 1 दिसंबर को निक और प्रियंका ने क्रिश्चियन रीति रिवाज से शादी की थी वहीं 2 दिसंबर को दोनों ने हिंदु रीति रिवाज से सात फेरे लिए थे। ऐसे में ये दोनों ही दिन इस कपल के लिए बेहद खास है।

प्रियंका और निक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर ज़बरदस्त वायरल होती रहती हैं। हालांकि निक-प्रियंका की तस्वीरें ट्रोल और अफ़वाहों का शिकार हो जाती हैं, लेकिन इन बातों से इनके रिश्ते पर कभी असर नहीं पड़ा। इस कपल ने चट मंगनी और पट ब्याह वाली शादी करके सबको चौंका दिया था, लेकिन इनकी शादी में काफी कुछ और भी चौंकाने वाला था जिसके बारे में हम आपको अब बताएंगे।

प्रियंका की सिर्फ एक ज्वैलरी में थे 18 हजार डायमंड

1 दिसंबर को प्रियंका ने राल्फ लॉरेन का हैंड मेड एम्ब्रॉइड गाउन पहना था जिसमें वो बेहद ही खूबसूरत नजर आ रही थी। इस गाउन के पीछे लगे बड़े दुपट्टे को वेल कहा जाता है और ये दुल्हन के कपड़े से जुड़ा होता है। इस वेल को करीब 6 लोगों ने उठाया था। प्रियंका का गाउन इतना लंबा और खूबसूरत जो था। इस बात को बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि पिग्गी चॉप्स के वेडिंग गाउन पर निक ने अपना पूरा नाम निकोलस जैरी जोनस लिखवाया था।

जब 2 दिसंबर को प्रियंका शादी के लाल जोडे में आई तो उन्होंने सबकी तारीफें लूटी। उन्होंने अपनी शादी में नाशपाती के आकार का एक नेकलेस पहना था जिसमें 18 हजार सफेद डायमंड और गोल्ड का इस्तेमाल किया गया था। ये प्रियंका की सिर्फ एक ज्वैलरी की बात थी।

जहां एक तरफ उन्हें फेमस राल्फ लॉरेन का वेडिंग गाउन पहना था तो वहीं हिंदु रीति रिवाज से की जाने वाली शादी में उनके लंहगे को फेमस फैशन डिज़ाइनर सब्यसाची ने डिज़ाइन किया था। इस लंहगे को बनाने में 111 कारीगरों की मेहनत थी जिसे 3720 घंटे में तैयार किया था। इस लंहगे पर भी प्रियंका के मम्मी-पापा और पति निक का नाम लिखा था।

निक-प्रियंका ने मंगवाए थे 12 इजरायली शूटर

आप सभी को पता है कि निक और प्रियंका ने जोधपुर के उम्मैद भवन में अपनी भव्य शादी रचाई थी, लेकिन आप इस शादी की सुरक्षा के बारे में नहीं जानते होंगे। शादी के कुछ दिन पहले भवन की किलेबंदी करवाई गई थी। भवन से शादी की कोई भी तस्वीर लीक ना हो इसलिए इजराइल से 12 शूटर्स मंगवाए गए थे। अगर किसी ने वहां फोटो क्लिक की होती तो ड्रोन देखते ही इजराइली शूटर्स को शूट करने के ऑर्डर थे। निक ने अपनी शादी के लिए अमेरिका के 100 सुरक्षा गार्ड्स बुलवाए थे।

निक और प्रियंका अपनी शादी की सुरक्षा को लेकर इतने सतर्क थे कि उन्होंने होटल के कर्मचारी से लेकर मेहमानों तक के फोन ले लिए थे जिससे कि कोई फोटो ना खींच पाए। यहां तक कि हर मेहमान से 500 रुपए के स्टंप पेपर पर साइन भी करवाया गया था।

निक्यांका की शादी का शानदार वेन्यू देखकर आपके मन में भी ख्याल आया होगा कि इतनी शानदार जगह कितने में ली गई होगी। आपको बता दें कि उम्मैद भवन को चार दिन के लिए बुक किया गया था और इतने दिनों के लिए उन्होंने सवा तीन करोड़ का किराया दिया था।

मेंहमानों के दिया गया था चांदी का सिक्का

क्रिश्चियन वेडिंग में केक काटना भी एक रस्म में है। आपको बता दें कि निक और प्रियंका की शादी में 8 फिट ऊंचा केक बना था औऱ इस केक को बनाने के लिए कुवैत और दुबई से खास शेफ बुलाए गए थे। मेहमानों को लाने और ले जाने के लिए 10 चॉपर बुक किए गए थे।

प्रियंका और निक ने शादी में आने वाले मेहमानों को एक एक चांदी का सिक्का भी दिया था जिसमें गणेश और लक्ष्मी बने हुए थे। इनकी शादी में करीब 5 करोड़ से भी ज्यादा का खर्च आया था जिसमें से अधिक खर्च प्रियंका चोपड़ा ने उठाया था। इस शानदार तरीके से निक और प्रियंका ने शादी की थी जो एक साल बाद भी लोगों के ज़हन में ताज़ा है।

फिलहाल निक और प्रियंका दोनों ही अपने-अपने काम में बिजी हैं। हालांकि, इनकी तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर देखने को मिल जाती हैं। बीते कुछ महीनों में प्रियंका की तस्वीर से ये कयास भी लगाए गए थी कि वो मां बनने वाली हैं, लेकिन प्रियंका ने इन सारी बातों को अफ़वाह बताया था। फिलहाल इनके फैंस इस खुशख़बरी का इंतजार तो कर ही रहे हैं। वहीं लोगों का ध्यान इस बात पर भी है कि दोनों अपनी एनवर्सरी किस तरह सेलिब्रेट करेंगे।

Back to top button