दिलचस्प

हैरी पॉटर किताब की लेखिका ‘जे के राउलिंग’ की प्रेरणादायक कहानी

आज हम आपको एक ऐसी महिला की कहानी बताने जा रहे हैं जिसका जीवन केवल असफलता से ही भरा हुआ था। लेकिन इस महिला ने असफलता हाथ लगने के बाद भी हार नहीं मानी और दिन रात मेहनत कर वो हासिल कर लिया जो ये पाना चाहती थी। इस महिला का नाम ‘जे के राउलिंग’ है और ये विश्व प्रसिद्ध ‘हैरी पॉटर’ किताब की लेखिका हैं।

संघर्ष भरी थी जिंदगी

जे के राउलिंग के अनुसार इनका बचपन आम बच्चों की तरह नहीं गुजरा था और इन्होंने बचपन में अपने माता पिता को खूब लड़ते हुए देखा था। अपने घर में हर वक्त लड़ाई का माहौल रहने से ये काफी दुखी रहा करती थी और ज्यादातर समय अकेले ही बताया करती थी। हालांकि अपने घर के इस माहौल का असर जे के राउलिंग ने कभी भी अपनी पढ़ाई पर पड़ने नहीं दिया। अपनी 12 वीं कक्षा पास करने के बाद जे के राउलिंग ने दुनिया के सबसे प्रसिद्ध कॉलेज ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में दाखिला लेने के लिए आवेदन किया मगर इनको केवल निराशा ही हाथ लगी और इनका दाखिला इस कॉलेज में नहीं हो पाया। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में दाखिला नहीं मिलने के बाद जे के राउलिंग ने दूसरे कॉलेज में दाखिला ले लिया और इन्होंने फ्रेंच और क्लासिक्स में बीए किया।

अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद जे के राउलिंग ने कई जगहों पर नौकरी की और साल 1992 में इन्होंने शादी कर ली। मगर जे के राउलिंग की शादी कामयाब साबित नहीं हुई और इनकी शादी कुछ ही सालों में टूट गई। इस शादी से जे के राउलिंग को एक बेटी हुई और अपने पति से अलग होने के बाद जे के राउलिंग ने अकेले ही अपनी बेटी की परवरिश की। जे के राउलिंग की आर्थिक स्थिति बिलकुल भी मजबूत नहीं हुआ करती थी और इनके घर की सारी जिम्मेदारी इनके ऊपर ही थी। जे के राउलिंग ने अपनी बेटी की परवरिश करने के साथ-साथ हैरी पॉटर किताब को भी लिखा शुरू कर दिया था। जे के राउलिंग दिन में नौकरी किया करती थी और रात के समय अपनी किताब को लिखा करती थी।

हैरी पॉटर किताब लिखने के बाद जे के राउलिंग ने इस किताब को लगभग 12 पब्लिशर हाउस को दिया लेकिन कोई भी पब्लिशर हाउस जे के राउलिंग की इस किताब को छापने के लिए राजी नहीं हुआ। वहीं एक साल बाद ब्लॉम्सबरी के संपादक बैरी कनिंघम जे के राउलिंग की किताब को छापने के लिए तैयार हो गए और जैसी ही जे के राउलिंग की ये किताब बाजार में आई ये किताब फेमस हो गई और जे के राउलिंग  की जिंदगी पूरी तरह से बदल गई।

पहली किताब कामयाब होने के बाद जे के राउलिंग ने हैरी पॉटर की कहानी से जुड़ी और किताबें भी लिखी और इन किताबों के लिए जे के राउलिंग को खूब सारे पैसे भी मिले। इतना ही नहीं इस किताब के लिए जे के राउलिंग को कई पुरस्कार भी मिले और जे के राउलिंग एक फेमस लेखिका बन गई।

कभी नहीं मानी हार

जे के राउलिंग का जीवन दुखों से भरा रहा लेकिन कभी भी इन्होंने हार नहीं मानी और आज इनका नाम सबसे अमीर लेखकों में गिना जाता है। जे के राउलिंग उन लाखों लोगों के लिए एक मिसाल हैं जो लोग कामयाबी पाने के लिए संघर्ष करने में लगे हुए हैं।

Back to top button