अध्यात्म

अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदने से घर में होता है लक्ष्मी मां का प्रवेश, जानें इस दिन का महत्व

अक्षय तृतीया को हिंदू धर्म में काफी शुभ दिन माना गया है और इस दिन को समृद्धि के साथ जोड़कर देखा जाता है। अक्षय तृतीया में लोगों द्वारा सोना जरूर खरीदा जाता है। इस साल अक्षय तृतीया का त्योहार 7  मई को आ रहा है और आप इस दिन अपने घर में सोना जरूर खरीदकर लाएं। इसके अलावा अक्षय तृतीया को किसी भी शुभ कार्य को करने के लिए भी सबसे उत्तम दिन माना जाता है।

अक्षय तृतीया शब्द में अक्षय का मतलब ‘जो कभी खत्म ना हो’ होता है। इसलिए आप इस दिन जो चीज भी अपने घर लाते हैं उसमें बरकत बनी रहती है। अक्षय तृतीया में ना केवल हिंदू बल्कि जैन धर्म के लोग भी सोना जरूर खरीदते हैं। सात मई को सोना खरीदने के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 6:26 से लेकर रात के 11 बजे तक का है और आप इसी दौरान सोने की खरीददारी करें।

अक्षय तृतीया के दिन क्यों खरीदा जाता है सोना –

मिलता है जीवनभर लाभ

अक्षय तृतीया के दिन आप जो भी कार्य करते हैं उसमें आपको बरकत मिलती है। इसलिए इन दिन लोग सोना खरीदते हैं ताकि उनके घर में पैसों की कमी कभी भी ना हो और उनके धन में बरकत होता रहे।

जीवन में आती है समृद्धि

सभी प्राकृतिक धातुओं में से सोने को सबसे उत्तम धातु माना गया है। सोने को समृद्धि से जोड़कर देखा गया है। घर में सोने को लाने से घर में समृद्धि बनी रहती है। इसलिए अक्षय तृतीया के दिन सोने की धातु को ही खरीदा जाता है। इसके अलावा सोने से निकलने वाली चमक की तुलना सूरज की किरणों से की जाती है और ये कहा जाता है कि सोने की चमक शक्ति का प्रतीक होती है, जिसके चलते घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है।

होता है मां लक्ष्मी का प्रवेश

इस दिन सोना घर में लाने से मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु का प्रवेश भी घर में हो जाता है। ऐसा कहा जाता है कि सोने के रूप में मां लक्ष्मी इस दिन आपके घर में आती हैं और आपके घर के पैसों में बरतक करती हैं।

अक्षय तृतीया से जुड़ी कहानी –

एक पुरानी कथा के अनुसार भगवान कुबेर, जिनको धन का देवता माना गया है, उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना कर उनसे बहुत अधिक मात्रा में सोना मांगा था और भगवान शिव ने कुबेर भगवान की प्रार्थना को स्वीकार  कर उनको सोना दे दिया था। जिस दिन भगवान शिव ने कुबेर भगवान को सोना दिया था, वो दिन अक्षय तृतीया का था।  इसलिए अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदना शुभ माना गया है और हर साल लोग इस दिन सोना जरूर खरीदा करते हैं।

दान करने से भी मिलता है लाभ-

सोना खरीदने के अलावा इस दिन दान करने से भी जीवन में काफी लाभ मिलता है। अक्षय तृतीया के दिन सुबह स्नान करने के बाद गरीब लोगों को कपड़े, खाना या पैसे दान करने से इंसान को जीवन में सुख, समृद्धि और धन की प्राप्ति होती है। इसलिए आप इस दिन सोना खरीदने के साथ साथ चीजों का दान भी जरूर करें।

Back to top button