राजनीति

अमेठी में कांवड़ियों ने किया कांग्रेस अध्यक्ष का स्वागत, जानिए क्या है पूरा मामला

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज से दो दिन के अमेठी दौरे पर हैं। अमेठी से सांसद राहुल गांधी इस दौरे में पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश और नई उर्जा का संचार करेंगे। बता दें कि पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी का दौरा कर रहे हैं।

राहुल गांधी जब से कैलाश मानसरोवर की यात्रा से लौटे हैं तब से उन्हें शिवभक्त के रूप में प्रोजेक्ट किया जा रहा है। हालांकि राहुल गुजरात चुनाव से ही नरम हिंदुत्व के राह पर हैं। इसी लिहाज से राहुल गांधी जब आज अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। पूरे शहर में राहुल को जगह जगह पर पंडित की उपाधि दी गई जबकि उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भगवा वस्त्रधारी कांवड़िये इक्ट्ठे हुए थे। साफ तौर से इस बार राहुल गांधी को यहां शिवभक्त के रूप में प्रोजेक्ट किया जा रहा है।

 

राहुल गांधी का विशेष स्वागत-

फुरसतगंज के कावड़िया संघ ने राहुल गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर भगवान शिव की बड़ी फोटो लगी हुई थी। राहुल गांधी ने यहां पूजा अर्चना भी की। गांधी के अमेठी पहुँचने पर बम बोले के साथ उनका स्वागत किया गया। राहुल गांधी ने बकायदा भगवान शिव की पूजा की और वहां मौजूद कांवड़ियों और शिव भक्तों के साथ मुलाकात भी की। यहां भी भक्तों ने बम बम भोले के नारों से उनका स्वागत किया। माना जा रहा है कि कांग्रेस बीजेपी के हिंदुत्व का काट ढूँढने के लिए खुद को हिंदुओं के करीब लाने में जुटी हुई है। इसी वजह से राहुल गांधी को पिछले कुछ दिनों से शिवभक्त के रूप में प्रोजेक्ट किया जा रहा है।

राहुल गांधी का इस तरह से कांवड़ियों द्वारा स्वागत किया जाना अचानक नहीं है। राहुल गांधी पिछले गुजरात चुनाव से ही सॉफ्ट हिंदुत्व के राह पर चल रहे हैं जब उन्होंने गुजरात में कई शिव मंदिरों का द्वारा किया था। राहुल गांधी अगस्त के अंत में कैलाश मानसरोवर भी गए थे।

राहुल का अमेठी दौरा- 

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अखिलेश सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के इस दौरे से कार्यकर्ताओं समेत जनता में काफी ज्यादा उत्साह है। क्योंकि राहुल गांधी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अमेठी का दौरा कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि राहुल गांधी जनता से अतिथिगृह में ही मिलेंगे। इसके बाद उनका कार्यक्रम जायस, जगदीशपुर और मोहनगंज जाने का है।

इसके अलावा राहुल पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगे।

Back to top button