राजनीति

लोकसभा चुनाव 2019 होगा मोदी बनाम महादेव, कांग्रेस हर हर मोदी का जवाब देगी बोल बम से

2019 लोकसभा चुनावों की तैयारी अभी से शुरू हो गयी है। कांग्रेस और भाजपा दोनो ही अपने-अपने स्तर से चुनाव में जीत के लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं। 2014 का लोकसभा चुनाव आपको तो याद ही होगा। प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की चुनावी रैलियों में हर-हर मोदी के नारों की गूँज ज़ोर-ज़ोर से सुनाई देती थी। इन्ही नारों की वजह से नरेंद्र मोदी को 2014 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल हुई थी। इसके बाद नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने थे।

कांग्रेस ने भाजपा से लड़ाई के लिए कस की है अपनी कमर:

अब 2019 के लोकसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है। पीएम मोदी की हर रणनीति का जवाब देने के लिए कांग्रेस ने भी अपनी कमर कस ली है। नारों की लड़ाई में कांग्रेस ने अपने नए पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए मोदी के जवाब की तलाश कर ली है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने यह तय कर लिया है कि इस बार वह हर हर मोदी और मोदी मोदी का जवाब रैलियों में राहुल-राहुल के साथ ही बोल बम से देगी। अब से आगे होने वाली कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैलियों में और बड़े रोड शो में राहुल-राहुल के साथ ही ज़ोर-शोर से बोल बम का नारा भी गुंजेगा।

बता दें 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ी और शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद कांग्रेस ने इतनी बड़ी हार को ध्यान में रखते हुए एके एंटनी के नेतृत्व में कमेटी का गठन किया। जिसने एक रिपोर्ट पेश की, इसमें कांग्रेस की हार के पीछे कांग्रेस की प्रो-मुस्लिम छवि को ज़िम्मेदार बताया गया था। इसके बाद राहुल गांधी पार्टी की प्रो-मुस्लिम वाली छवि को बदलने में जी-जान से जुट गए। राहुल गांधी ने मंदिर-मंदिर के दर्शन करने शुरू कर दिए और पार्टी ने इन्हें जनेऊधारी ब्राह्मण के रूप में भी पेश किया।

जब बात जान पर बन आई तो राहुल गांधी को याद आए भगवान शिव:

केवल यही नहीं राहुल गांधी ने उड़ान के दौरान विमान में आई गड़बड़ी के बारे में बताते हुए कहा कि जब बात जान पर बन आई थी तो उन्होंने ऐसे में भगवान शिव को याद किया था। उसी समय उन्होंने कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जानें का मन बना लिया था। इसके बाद राहुल गांधी हाल ही में कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर भी गए थे। वहाँ से लौटने के बाद जब राहुल गांधी मध्य प्रदेश के चुनावी समर में गयी तो सब साफ़ हो गया कि इस बार राहुल गांधी भाजपा से भिड़ने के लिए क्या करने वाले हैं।

मध्य प्रदेश में जगह-जगह राहुल के ऐसे पोस्टर चिपकाए गए, जिसपर राहुल गांधी की शिव भक्त वाली छवि को दर्शाया गया। इसी के बाद यह निर्णय लिया गया कि राहुल गांधी की रैलियों में बोल बम का नारा मोदी-मोदी और हर हर मोदी की जगह गूँजेगा। इससे ही कार्यकर्ताओं और जनता में जोश भरने का काम किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो राहुल गांधी की आनें वाली रैलियों में पार्टी का नया सियासी बम बोल बम बनकर गूँजने वाला है।

Back to top button