समाचार

भारत बंद में हुई कहीं आगज़नी तो कहीं प्रदर्शन, भाजपा ने कहा अराजकता फैलाने की हो रही है कोशिश

नई दिल्ली: भारत बंद के दौरान जहाँ कांग्रेस सहित देश की कई विपक्षी पार्टियाँ रामलीला मैदान में धरना दे रही हैं, वहीं दूसरी तरफ़ सीपीएम के साथ कुछ अन्य विपक्षी दल जंतर-मंत्र पर प्रदर्शन कर रहे हैं। सीपीएम नेता सीताराम येचुरी की अगुवाई में होने वाले इस प्रदर्शन में लेफ़्ट की कई पार्टियाँ शामिल हैं। इसके साथ ही लेफ़्ट के कई अन्य कार्यकर्ता देश के दूसरे हिस्सों में भी तेल की बढ़ती क़ीमतों को लेकर मोदी सरकार के ख़िलाफ़ सड़कों पर उतरे हैं।

तेल की क़ीमतें नियंत्रित करना नहीं है सरकार के हाथ में:

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के बंद पर भाजपा के केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इसे पूरी तरह से विफल बताया है। उन्होंने बिहार के जहानाबाद में जाम में फँसने की वजह से हुई बच्ची की मौत पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से जवाब माँगा है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भारत बंद के नाम पर पेट्रोल पंपों पर आग लगाई जा रही है और गाड़ियों को तोड़ा जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि कांग्रेस जवाब दे कि देश में हो रही इन हिंसाओं का ज़िम्मेदार कौन है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि तेल की क़ीमतें नियंत्रित करना सरकार के हाथ में नहीं है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें बिहार के जहानाबाद में एम्बुलेंस समय रहते हॉस्पिटल नहीं पहुँच पायी। इस वजह से 2 साल की बच्ची की मौत हो गयी। इसकी वजह कुछ और नहीं बल्कि भारत बंद ही है। क्योंकि बंद की वजह से जाम बहुत ज़्यादा लगा हुआ था। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी जवाब दें कि इसका ज़िम्मेदार कौन है। वहीं कांग्रेस के भारत बंद के ऐलान के बाद देश की 21 पार्टियों ने कांग्रेस के भारत बंद का समर्थन किया। लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सहयोगी समाजवादी पार्टी ने इस बंद से ख़ुद को दूर रखा हुआ है।

हंगामे में घायल हो गया एक व्यक्ति:

केवल यही नहीं मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी ने भी ख़ुद को इस बंद से दूर रखा है। बसपा का कोई भी नेता इस बंद में शामिल नहीं हुआ। बता दें सपा ने यूपी में पार्टी कार्यक्रमों को स्थगित करके बंद के समर्थन का ऐलान ज़रूर किया है। बंद के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक पेट्रोल पम्प पर जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिसकर्मियों को भी पीटा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस हंगामे में एक व्यक्ति घायल भी हो गया है।

बंद के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से कई तस्वीरें सामने आ रही हैं। बिहार में कई जगह पर हिंसक प्रदर्शन हुए कई आगज़नी हुई तो कहीं ट्रेनों को भी रोक दिया गया। पश्चिम बंगाल में 20 लेफ़्ट कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। दरअसल ये सभी कार्यकर्ता पश्चिम बंगाल के दुर्गापर में रेलवे स्टेशन में ज़बरदस्ती घुसने की कोशिश कर रहे थे। वहीं धरने पर बैठे राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि मोदी सरकार ने जनता से किए अपने वादों को पूरा नहीं किया है। राहुल गांधी ने कहा कि पेट्रोल और डीज़ल लगभग 80 के पार पहुँच गया है वहीं गैस 800 रुपए तक पहुँच गयी है। पहले मोदी देश-विदेश में घुमा करते था और आज चुप हैं।

Back to top button